Highlights
- दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
- नजफगढ़ फिरनी रोड, रोहतक रोड, देव प्रकाश शास्त्री मार्ग, नांगलोई-नजफगढ़ रोड और आउटर रिंग रोड अधिक प्रभावित रह सकते हैं।
- यात्रियों से पब्लिक ट्रांसपोर्ट का यूज करने, सड़क किनारे वाहन न खड़ी करने और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील।
कांवड़ यात्रा 2026 की शुरुआत के साथ ही राजधानी में लाखों कांवड़ियों के गुजरने की संभावना है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने और जाम की आशंका जताई गई है। ऐसे में घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि रास्ते में घंटों जाम में न फंसना पड़े।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक कांवड़ियों की आवाजाही और रास्तों के किनारे कांवड़ शिविर लगने के कारण कई प्रमुख मार्ग प्रभावित रह सकते हैं। इनमें नजफगढ़ फिरनी रोड, रोहतक रोड, पंखा रोड, देव प्रकाश शास्त्री मार्ग, नांगलोई-नजफगढ़ रोड और आउटर रिंग रोड प्रमुख हैं। इन इलाकों में ट्रैफिक धीमा रहने और जाम की स्थिति बनने की संभावना है।
कांवड़ियों के लिए तय किए गए रूट
यात्रा को सुचारु बनाने के लिए पैदल कांवड़ियों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
- रोहतक रोड रूट: जखीरा – मादीपुर – पीरागढ़ी चौक – नांगलोई चौक – मुंडका – टिकरी बॉर्डर।
- नजफगढ़ रोड रूट: जखीरा – उत्तम नगर – नजफगढ़ फिरनी रोड – झरोदा बॉर्डर।
- आउटर रिंग रोड रूट: मधुबन चौक – पीरागढ़ी चौक – केशोपुर मंडी – जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर।
- देव प्रकाश शास्त्री मार्ग: रत्तनपुरी चौक – लोहा मंडी।
इन्हीं मार्गों पर कांवड़ियों की संख्या ज्यादा रहने की संभावना है, इसलिए आम वाहन चालकों को दूसरे रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने क्या दी सलाह?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपने रूट की प्लानिंग बना लें और जहां संभव हो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। सड़क किनारे वाहन पार्क करने से बचें, क्योंकि इससे जाम की स्थिति और गंभीर हो सकती है। यदि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। वहीं, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अजमेरी गेट की बजाय पहाड़गंज वाले रास्ते का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है, ताकि भीड़भाड़ से बचा जा सके।
सफर पर निकलने से पहले करें प्लानिंग
कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य दिनों से अलग रहेगी। इसलिए ऑफिस, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या किसी जरूरी काम के लिए निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें। समय से पहले घर से निकलना, वैकल्पिक मार्ग अपनाना और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करना आपकी यात्रा को आसान और सुरक्षित बना सकता है।







































