तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी के बड़े चेहरे अन्नामलाई को लेकर बड़ी राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही हैं। ऐसी भी बातें हो रही हैं कि अन्नामलाई भाजपा को छोड़ सकते हैं और तमिलनाडु में अपनी नई पार्टी लॉन्च कर सकते हैं। इस बीच अन्नमलाई ने सोमवार को दिल्ली का भी दौरा किया है। यहां एयरपोर्ट पर अन्नामलाई से नई पार्टी लॉन्च करने की अटकलों के बारे में पूछा गया। इस सवाल पर अन्नामलाई ने कहा कि कृपया प्रतीक्षा करें। हम दो दिनों में बैठकर बात करेंगे।
DMK ने क्या कहा?
भाजपा नेता अन्नामलाई के बारे में डीएमके नेता टीकेएस एलंगोवन कहते हैं, “यह अजीब बात है कि वे भाजपा से नई पार्टी बनाने की अनुमति मांग रहे हैं, जबकि वे पहले से ही भाजपा कार्यकर्ता हैं… मैं कह सकता हूं कि भाजपा में कुछ भी हो सकता है। मुझे नहीं लगता कि अन्नामलाई इस्तीफा देंगे, क्योंकि पार्टी चलाना आसान नहीं है। वे विजय जैसे अभिनेता नहीं हैं। देखते हैं आगे क्या होता है।”
CM विजय का भी आया बयान
दूसरी ओर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने भी राज्य के तिरुचिरापल्ली में एक बड़ा बयान दिया है। सीएम विजय ने यहां सेंट जोसेफ कॉलेज के मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- “अब भी, मैं यह बात राजनीतिक तौर पर कह रहा हूं: मुकाबला सिर्फ़ 2 पार्टियों के बीच है—एक DMK और दूसरी TVK। इनके बीच किसी और के लिए कोई भूमिका या जगह नहीं है।” बता दें कि विजय ने इस दौरान तिरुचिरापल्ली पूर्वी निर्वाचन क्षेत्र की जनता को उनकी पार्टी को जनादेश देने के लिए धन्यवाद दिया।
नितिन नबीन से मिलेंगे अन्नामलाई
आपको बता दें कि आगामी 4 जून को भाजपा नेता अन्नामलाई का जन्मदिन है। तमिलनाडु के कोयंबटूर में कई स्थानों पर उनकी तस्वीर वाले पोस्टर लगाए गए हैं। खबर ये भी सामने आई है कि अन्नामलाई ने BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात के लिए समय मांगा है।
ये भी पढ़ें- अन्नामलाई का BJP से मोहभंग! नई पार्टी का कर सकते हैं ऐलान, नितिन नबीन से मुलाकात के लिए मांगा समय
हिमाचल में बीजेपी ने कांग्रेस से छीने दो नगर निगम, विधानसभा चुनाव से पहले मिली अहम जीत









































