
घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को भी जोश देखने को मिला। ओपनिंग के समय दोनों प्रमुख सूचकांकों ने मजबूत शुरुआत की। सुबह 9 बजकर 16 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स 271.74 अंकों की तेजी के साथ 82,877.17 के लेवल पर कारोबार करता दिखा। इसी तरह, एनएसई का निफ्टी 78.4 अंकों की उछाल के साथ 25401.95 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा। निफ्टी में इस समय एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, मैक्स हेल्थकेयर, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा मोटर्स के शेयरों में सबसे अधिक उछाल देखा गया, जबकि श्रीराम फाइनेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, ओएनजीसी, टेक महिंद्रा और टीसीएस के शेयरों में गिरावट आई।
सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में
बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में क्रमशः 0.5% की बढ़त देखने को मिली। उल्लेखनीय बात यह है कि इस दौरान सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जिससे व्यापक बाजार में सकारात्मक रुझान नजर आ रहे हैं। लगभग 1433 शेयरों में तेजी आई, 774 शेयरों में गिरावट आई तथा 140 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

बीएसई में शामिल कंपनियों का प्रदर्शन।
नतीजों का असर और आज की बड़ी घोषणाएं
आज बाज़ार में कंपनियों के तिमाही नतीजों पर निवेशकों की जोरदार प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक एक्सिस बैंक के शेयरों में शानदार तेजी आई है। आज दो बड़ी आईटी कंपनियां – इन्फोसिस और विप्रो अपने तिमाही नतीजे घोषित करेंगी, जिसका असर पूरे आईटी सेक्टर पर पड़ने की संभावना है। इन कंपनियों के अलावा, आज इटरनल , इंडियन बैंक, नेस्ले इंडिया, एलटीआईमाइंडट्री, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, जेएसडब्ल्यू इंफ्रा, मेट्रो ब्रांड्स, वारी एनर्जीज़, विक्रम सोलर जैसी कई अन्य महत्वपूर्ण कंपनियां भी अपने वित्तीय परिणाम जारी करेंगी। यह दिन बाजार में निवेशकों के लिए एक्शन से भरपूर रहने की उम्मीद है।
खबर अपडेट हो रही है…




































