आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। एक प्राइवेट वोल्वो बस ट्रक (आइशर) से टकरा गई। बस नियंत्रिण खोने के बाद पोगुरु पुल से नीचे जा गिरी। हादसे में करीब 40 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के दौरान बस और ट्रक पुल से नीचे आ गिरे। दोनों वाहनों के परखच्छे उड़ गए।
घायलों को अस्पताल ले जाया गया
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए पमिडी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अनंतपुर सरकारी अस्पताल रेफर किया गया है।
बस चालक बुरी तरह फंसा
हादसे में बस चालक बुरी तरह फंस गया था। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस ने JCB की मदद ली। काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि उसके पैर में गंभीर चोट आई है।
दुर्घटना के कारणों की हो रही जांच
पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
ये खबर अपडेट हो रही है…………..






































