ओडिशा के गंजाम जिले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के लाडकापल्ली चौक के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बस ने ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद कथित तौर पर बस ऑटो को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
ऑटो में एक ही परिवार के 10 लोग थे सवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऑटो-रिक्शा में एक ही परिवार के 10 लोग सवार थे। सभी लोग मां सिंहासिनी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान लाडकापल्ली चौक के पास यह बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि बस काफी तेज रफ्तार में थी। अचानक ड्राइवर ने बस से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे ऑटो-रिक्शा से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बस ने ऑटो को 100 मीटर तक घसीटा
सूत्रों के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद भी बस नहीं रुकी। बस ऑटो को लगभग 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और कई लोग वाहन में बुरी तरह फंस गए। इस भीषण हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत कोदला अस्पताल ले जाया गया। हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए ब्रह्मपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
आरोपी बस चालक फरार
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। (इनपुट- शुभम कुमार)
यह भी पढ़ें-
तूफान ने मचाया कहर! भोज का टेंट गिरने से 3 लोगों की मौत, कई इलाके अंधेरे में डूबे






































