राजधानी दिल्ली के दक्षिणी जिले में प्रॉपर्टी की कीमतें आसमान छू रही हैं। दक्षिण दिल्ली में जबरदस्त डिमांड के दम पर पूरे फ्लोर की कीमतों में जनवरी-मार्च तिमाही में 32 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। गोल्डन ग्रोथ फंड (जीजीएफ) की एक रिपोर्ट में ये जानकारी दी गई है। दक्षिण दिल्ली में ‘Category B’ इलाकों में 23-32 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई जबकि ‘Category A’ इलाकों में कीमतें 14-22 प्रतिशत तक बढ़ी हैं। कीमतों के मामले में, ‘Category A’ में एक फ्लोर की कीमत 19.5 करोड़ रुपये से 40 करोड़ रुपये के बीच है, जबकि ‘Category B’ इलाकों में ये 10.65 करोड़ रुपये से 16.5 करोड़ रुपये के बीच है।
Category A और Category B में दिल्ली के कौन-कौन से इलाके
‘Category A’ में दिल्ली के मेफेयर गार्डन, पंचशील पार्क, आनंद निकेतन, वसंत विहार, शांति निकेतन, वेस्टएंड, चाणक्यपुरी, गोल्फ लिंक, जोर बाग, सुंदर नगर और महारानी बाग जैसे इलाके शामिल हैं। ‘Category B’ के प्रमुख इलाकों में चिराग एन्क्लेव, आनंद लोक, ग्रेटर कैलाश, ग्रीन पार्क, गुलमोहर पार्क, नीति बाग, डिफेंस कॉलोनी, सफदरजंग एन्क्लेव और कैलाश कॉलोनी शामिल हैं। गोल्डन ग्रोथ फंड के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) अंकुर जालान ने कहा, ” ‘Category B’ इलाकों में मार्च तिमाही के दौरान ज्यादा मजबूत मूल्य वृद्धि देखी गई है, जो दक्षिण दिल्ली के प्रीमियम हाउसिंग मार्केट में बढ़ती मांग को दर्शाती है।”
MCD ने पूरी दिल्ली को 8 अलग-अलग कैटेगरी में बांटा
अंकुर जालान ने कहा, ” हम ये भी देख रहे हैं कि दिल्ली के अन्य हिस्सों से खरीदार इन स्थानों की ओर बढ़ रहे हैं।” दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने राजधानी के सभी इलाकों को 8 कैटेगरी A, B, C, D, E, F, G और H में बांट दिया है। प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन के लिए सर्किल रेट, प्रॉपर्टी टैक्स रेट और स्टाम्प ड्यूटी इन्हीं कैटेगरी पर आधारित हैं। गोल्डन ग्रोथ फंड सेकेंड क्लास का रियल एस्टेट केंद्रित वैकल्पिक निवेश कोष (एआईएफ) है जो दक्षिण और लुटियंस दिल्ली में रियल एस्टेट निवेश पर ध्यान केंद्रित करता है।





































