नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली सहित आस-पास के इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। इस बीच सोमवार की रात धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलीं। बता दें कि इससे पहले मौसम विभाग ने शहर में गरज और बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। लंबे समय से चल रही लू जैसी स्थिति के बाद, मौसम विशेषज्ञों ने इस बदलाव का कारण मध्य पाकिस्तान, उत्तर-पश्चिम राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण को बताया है। उन्होंने कहा कि यह परिसंचरण देश के उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है, जिससे राजस्थान से धूल और रेत आ रही है, जिसके कारण इस क्षेत्र में धूल भरी आंधी चल रही है।
आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट
स्काईमेट के महेश पलावत ने कहा, “इस बदलाव से आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है क्योंकि यह विक्षोभ 30 अप्रैल तक शहर को प्रभावित कर सकता है। राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में आज रात बारिश हो सकती है, और यह प्रणाली जल्द ही दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है।” वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 30 अप्रैल तक आंधी-तूफान, बारिश और धूल भरी आंधी का पूर्वानुमान है। वहीं 29 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच, सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है।
दिल्ली में भीषण गर्मी
बता दें कि दिल्ली में पड़ रही गर्मी को लेकर आज ही सीएम रेखा गुप्ता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हीटवेव को देखते हुए सरकार पूरी तरह मुस्तैद है। हर मंत्रालय को स्पष्ट गाइडलाइन दी गई है। सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि श्रमिकों के लिए दोपहर 1 से 4 बजे तक विश्राम, पानी और छांव की व्यवस्था अनिवार्य करें। इसके अलावा स्कूलों में बच्चों के लिए ठंडा पानी, स्वच्छ वातावरण और घर भेजने से पहले ORS पिलाना प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, ट्रांसपोर्ट विभाग द्वारा बस शेल्टर्स पर पानी के काउंटर लगाए जाएंगे और DTC बसों में कोल्ड बॉक्स के माध्यम से ठंडा पानी उपलब्ध कराया जाएगा। सीएम ने कहा कि MCD, PWD, हेल्थ डिपार्टमेंट ने पूरी तैयारी कर ली है। फायर, पावर और जल विभाग द्वारा uninterrupted supply सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें-
पश्चिम बंगाल में थम गया चुनाव प्रचार का शोर, BJP-TMC ने झोंक दी पूरी ताकत; 29 अप्रैल को मतदान







































