भारत की अर्थव्यवस्था के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जून 2026 में देश का औद्योगिक उत्पादन (IIP) तेजी से बढ़ा है। फैक्ट्रियों में बढ़ते उत्पादन और बिजली क्षेत्र के शानदार प्रदर्शन की बदौलत इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन (IIP) की ग्रोथ 7.3% तक पहुंच गई। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि देश में औद्योगिक गतिविधियां फिर रफ्तार पकड़ रही हैं और आने वाले महीनों में आर्थिक विकास को भी मजबूती मिल सकती है।
मिनिस्ट्री ऑफ स्टैतिस्टिक्स एंड प्रोग्राम इम्प्लीमेंटेशन (MoSPI) के अनुसार, जून 2026 में IIP की सालाना वृद्धि दर 7.3% रही। इससे पहले मई में संशोधित आंकड़ों के अनुसार यह 5.0% थी। यानी सिर्फ एक महीने में औद्योगिक उत्पादन की रफ्तार में बड़ा सुधार देखने को मिला।
मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर बना सबसे बड़ा सहारा
औद्योगिक उत्पादन बढ़ाने में सबसे बड़ा योगदान मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का रहा। इस क्षेत्र में 7.8% की वृद्धि दर्ज की गई। 23 प्रमुख उद्योग समूहों में से 19 ने अच्छा प्रदर्शन किया। सबसे ज्यादा बढ़त इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट बनाने वाले उद्योगों में रही, जहां उत्पादन 34% बढ़ा। इसके अलावा मोटर वाहन, ट्रेलर और सेमी-ट्रेलर सेक्टर में 17.5% और फूड प्रोडक्ट्स सेक्टर में 10.8% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
बिजली और गैस सेक्टर ने भी दिखाई ताकत
देश में बिजली और गैस सप्लाई सेक्टर का प्रदर्शन भी शानदार रहा। इस क्षेत्र में 10.6% की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे उद्योगों को बेहतर ऊर्जा आपूर्ति मिली। वहीं, जल आपूर्ति, सीवरेज और वेस्ट मैनेजमेंट सेक्टर में 6.1% और खनन एवं खदान सेक्टर में 1% की बढ़त दर्ज की गई।
कैपिटल गुड्स और इंफ्रास्ट्रक्चर में भी तेजी
यूज-बेस्ड कैटेगरी के आंकड़ों के मुताबिक, कैपिटल गुड्स का उत्पादन 14.2% बढ़ा, जो भविष्य में निवेश बढ़ने का संकेत माना जाता है। वहीं इंटरमीडिएट गुड्स में 9.3%, इंफ्रास्ट्रक्चर एवं कंस्ट्रक्शन गुड्स में 7.5%, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 7.7% और कंज्यूमर नॉन-ड्यूरेबल्स में 4.9% की वृद्धि दर्ज की गई।
अर्थव्यवस्था के लिए अच्छे संकेत
औद्योगिक उत्पादन में यह तेजी देश की आर्थिक मजबूती का संकेत है। यदि मैन्युफैक्चरिंग, बिजली और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर इसी तरह अच्छा प्रदर्शन करते रहे, तो आने वाले महीनों में रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास को भी नया बल मिल सकता है। जून के आंकड़े यह बताते हैं कि भारतीय उद्योग अब पहले के मुकाबले ज्यादा मजबूती के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
इनपुट- ANI
यह भी पढ़ें- चीनी के दाम में अचानक आई तेजी! जून में कम बारिश की वजह से रेट 6-7% तक चढ़े






































