देश के उत्तर पूर्वी राज्यों में भारी बारिश के कारण जमकर तबाही हो रही है। नागालैंड के मोन जिले में कई स्थानों पर हुए भीषण भूस्खलन के कारण कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और बारह अन्य घायल हो गए। मोन जिले के उप आयुक्त वेनयेई कोन्याक ने बताया कि अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं और चार अन्य अभी भी मलबे के नीचे दबे हुए हैं।” उन्होंने बताया कि मोन जिले में लगातार भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में आठ लोगों की मौत हो गई है। मोन कस्बा और तिजित सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र हैं। भारी बारिश लगभग रात एक बजे शुरू हुई और हमें भूस्खलन की सूचना सुबह 6-7 बजे के आसपास मिली।
एसडीआरएफ, पुलिस, असम राइफल्स, एनडीआरएफ की टीमें और स्थानीय लोग खोज और बचाव अभियान में लगे हुए हैं। अब तक मलबे से तीन महिलाओं और एक पुरुष सहित 4 शव बरामद किए हैं। 12 अन्य घायल हुए हैं। कई स्थानों पर खोज और बचाव अभियान जारी है। भूस्खलन की घटनाओं में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
भूस्खलन पर दुख जताया
भाजपा के नागालैंड राज्य अध्यक्ष बेंजामिन येप्थोमी ने मोन जिले में हुए दुखद भूस्खलन पर गहरा दुख व्यक्त किया। इस घटना में कई लोगों की जान चली गई और मोकोकचुंग जिले के तुली क्षेत्र में हुए भूस्खलन से कई परिवारों को भारी पीड़ा झेलनी पड़ी। येप्थोमी ने एक बयान में कहा, “मोन जिले में हुए भूस्खलन से कई अनमोल जानें चली गईं और मोकोकचुंग जिले के तुली क्षेत्र में हुए भूस्खलन से कई परिवारों को भारी पीड़ा हुई है, मैं बहुत दुखी हूं।”
मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई
अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “इस कठिन समय में मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति, सांत्वना और साहस प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना करता हूं और इस विनाशकारी आपदा से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति व्यक्त करता हूं।”
रेस्क्यू टीम की सराहना की
बीजेपी के स्टेट प्रेसिडेंट ने राहत कार्यों में लगे कर्मियों के प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा, “मैं बचाव दल, जिला प्रशासन, सुरक्षा कर्मियों, चिकित्सा पेशेवरों, स्वयंसेवकों और राहत एवं बचाव कार्यों में लगे सभी लोगों के अथक प्रयासों की तहे दिल से प्रशंसा करता हूं। संकट की इस घड़ी में उनका अटूट समर्पण और निस्वार्थ सेवा वास्तव में सराहनीय है।” उन्होंने कहा, “दिवंगत आत्माओं को शाश्वत शांति मिले और इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को इससे उबरने के लिए शक्ति, धैर्य और आशा मिले। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों और सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं।”
यह भी पढ़ें-
पहाड़ से मैदान तक आफत, दिल्ली-NCR में गर्मी से कब मिलेगी राहत? जानें कैसा रहेगा आज का मौसम
UP-बिहार-झारखंड समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, पढ़ें आज का मौसम अपडेट्स





































