ओडिशा के बालासोर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और आस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। नीलगिरी सब-डिवीजन के औपादा ब्लॉक अंतर्गत श्यामसुंदरपुर पंचायत के कोलीगाड़ी गांव में चोरों ने दो मंदिरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहनों की चोरी कर ली।
पहले हनुमान मंदिर का ताला तोड़ा
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले गांव के हनुमान मंदिर का ताला तोड़ा और वहां रखे चांदी के मुकुट, कंगन, पैरों की अंगूठियां, भगवान राम, लक्ष्मण और सीता के मुकुट, हनुमान जी का लॉकेट, गले की चेन और चांदी के बर्तन सहित कई कीमती सामान चोरी कर लिए। इसके बाद चोर पास ही स्थित शनि मंदिर में भी घुस गए।
शनि देव की आंखों पर बांध दिया काला कपड़ा
शनि मंदिर में चोरी के दौरान चोरों ने एक ऐसी हरकत की, जिसने पूरे इलाके में चर्चा और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया। चोरों ने भगवान शनि देव की आंखों पर काला कपड़ा बांध दिया। स्थानीय लोगों का मानना है कि चोरों ने ऐसा इसलिए किया ताकि भगवान इस घटना को न देख सकें और उन्हें अपने किए का पाप न लगे।
चोरों ने मंदिर पर लगाया ताला।
दो मंदिरों से 4 लाख के गहने चुराए, मुकुट-कंगन-झुमके सब गायब
इसके बाद चोरों ने शनि देव का चांदी का मुकुट, सोने का लॉकेट, चांदी के कंगन, पाईता, पायल, झुमके और अन्य आभूषण चोरी कर लिए। दोनों मंदिरों से कुल मिलाकर 4 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मंदिर के पास खड़ी 2 साइकिलें भी साथ ले गए चोर
इतना ही नहीं, मंदिर के पास खड़ी दो साइकिलें भी चोर अपने साथ ले गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने नीलगिरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है। यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती है।
(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
जूता उतारा, भगवान के चरण छुए, फिर चुरा ले गया मुकुट: हैरान कर देने वाली चोरी का Video हुआ वायरल






































