ओडिशा के मयूरभंज जिले में एक घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब एक व्यक्ति ने अपने सास-ससुर को आग के हवाले कर दिया। यह घटना मयूरभंज जिले के सुलियापड़ा थाना क्षेत्र के नौपड़ा गांव में मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे हुई। इस घटना में ससुर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि सास भी आग से घायल हुई हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान शेख सगीर उर्फ सिकंदर के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार के लोगों का आरोप है कि सगीर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था और उसे लगातार प्रताड़ित करता था। घरेलू हिंसा से परेशान होकर उसकी पत्नी कुछ समय पहले अपने मायके लौट आई थी। परिवार ने इस विवाद को सुलझाने के लिए कई बार स्थानीय बुजुर्गों और ग्रामीणों की मदद ली थी। कई बार बातचीत के जरिए दोनों पक्षों में समझौता कराने की कोशिश भी की गई, लेकिन इसके बावजूद आरोपी का व्यवहार नहीं बदला। पत्नी के मायके में रहने से वह लगातार नाराज था और उसे वापस ले जाने के लिए कई बार ससुराल भी पहुंचा था।
सास-ससुर के साथ हुआ था विवाद
मंगलवार रात भी आरोपी अपनी पत्नी को वापस ले जाने के उद्देश्य से ससुराल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसका अपने सास-ससुर के साथ तीखा विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद उसने गुस्से में आकर पेट्रोल का इस्तेमाल किया और अपने बुजुर्ग सास-ससुर को आग लगा दी। घटना की प्रत्यक्ष पीड़िता और आरोपी की सास सुहाना बीबी ने बताया कि जब पूरा परिवार रात में सो रहा था, तभी आरोपी घर पहुंचा। उसने पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। उन्होंने दावा किया कि यह पहली बार नहीं था जब आरोपी ने ऐसा किया हो। इससे पहले भी वह उनके घर के बाहर कपड़े सुखाने वाली रस्सी में कथित तौर पर आग लगा चुका था। उस समय किसी तरह आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन इस बार घटना बेहद गंभीर साबित हुई।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
आग लगने के बाद पूरे घर में चीख पुकार मच गई। परिवार के सदस्य जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। सुहाना बीबी ने बताया कि उन्होंने अपने पति को आग से बचाने की कोशिश की, जिसके दौरान उनके हाथ और शरीर के अन्य हिस्से भी झुलस गए।इस घटना में उनके पति शेख हारून अली सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। अभी तक की जानकारी के अनुसार उनके शरीर का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा आग से झुलस गया है। उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज बारिपदा स्थित पीआरएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। वहीं, सुहाना बीबी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उनके हाथ, जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों में आग से जलने की चोटें आई हैं। हालांकि, उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन अस्पताल में उनका भी इलाज किया जा रहा है।
आरोपी परिणाम भुगतने की चेतावनी दे चुका था
घटना के बाद पीड़ितों की चीखें सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और पड़ोसियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। परिवार का कहना है कि आरोपी पहले भी उन्हें धमकियां देता रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सगीर कई बार गुस्से में गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे चुका था। परिवार का दावा है कि उसने पहले भी घर को आग लगाने की कोशिश की थी, जिससे वे पहले से ही डरे हुए थे।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में विशेष अभियान शुरू किया है। सुलियापड़ा पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है और आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आग लगने की परिस्थितियों, हुए नुकसान और परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है, जबकि अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे बुजुर्ग ससुर की हालत चिंता का विषय बनी हुई है। पूरे मामले पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस की नजर बनी हुई है। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें- 21 साल की अनीता बॉयफ्रेंड से मिलने गई, वापस नहीं लौटी, 26 दिन बाद मिला कंकाल
ओडिशा में पुलिस कांस्टेबल को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, पत्नी और साला बने खून के प्यासे







































