गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल मुकाबले में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 195 रन बनाए, इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने 21 गेंद शेष रहते मैच अपने नाम किया। पंजाब किंग्स ने 16.3 ओवर में तीन विकेट पर 198 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। पंजाब किंग्स के लिए सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने नाबाद 80 रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने 66 रन बनाए। वहीं मुंबई के लिए गजनफर ने दो विकेट हासिल किए।
मुंबई ने पंजाब के खिलाफ पहले बल्लेबाज करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 195 रन बनाए। मुंबई के लिए क्विंटन डिकॉक ने नाबाद 112 रन की दमदार पारी खेली। वहीं पंजाब के लिए अर्शदीप ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब को पावरप्ले में दो विकेट गिरे। प्रियांश आर्या 9 गेंद में 15 रन और कूपर कोनोली 12 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 35 गेंद में 66 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन ने 39 गेंद में 11 चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 80 रन बनाए जबकि मार्कस स्टोयनिस ने 10 रन का योगदान दिया।
वहीं मुंबई की वानखेड़े स्टेडियम में शुरुआत खराब रही। अर्शदीप सिंह ने अपने दूसरे ओवर में रियान रिकल्टन और सूर्यकुमार यादव को आउट किया। नमन धीर 31 गेंद में 50 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पंड्या ने 12 गेंद में 14 रन बनाए। क्विंटन डिकॉक ने 60 गेंद में नाबाद 112 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और सात छक्के जड़े। तिलक वर्मा ने 8 रन बनाए। डिकॉक ने 60 गेंद में सात छक्कों और आठ चौकों की मदद से नाबाद 112 रन की पारी खेली। डिकॉक ने नमन धीर के साथ तीसरे विकेट के लिए 122 रन की अहम साझेदारी की।






































