
बिहार के मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट को लेकर एक बड़ा अपडेट आया है। राज्य के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को अपने एक्स अकाउंट पर मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के डेवलपमेंट को लेकर एक जरूरी जानकारी साझा की है। सम्राट चौधरी ने बताया कि मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के नवनिर्माण के लिए टेंडर पास कर दिए गए हैं। जिसके तहत, एयरपोर्ट पर फैब स्टील स्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। बताते चलें कि इस साल जून में बिहार की कैबिनेट ने मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट को नए सिरे से डेवलप कर शुरू करने की मंजूरी दी थी। इस एयरपोर्ट के साल 2026 में शुरू होने की उम्मीद है।
डिप्टी सीएम ने पीएम और सीएम के प्रति जताया आभार
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पर किए गए पोस्ट में लिखा, ”आपको बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि बिहार में हवाई यात्राओं को लगातार विस्तार मिल रहा है। मुजफ्फरपुर में एयरपोर्ट के नवनिर्माण हेतु टेंडरिंग कर दिया गया है। जिसमें प्री फैब स्टील स्ट्रक्चर का कार्य होगा।” उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि इस एयरपोर्ट से पूरे तिरहुत क्षेत्र के साथ बिहार में हवाई सेवा का एक और विकल्प तैयार हो गया है। मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के डेवलपमेंट के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताया।
मुजफ्फरपुर से काफी करीब हैं दरभंगा और पटना एयरपोर्ट
मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट तैयार होने के बाद यहां के लोगों को दरभंगा और पटना जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दरभंगा और पटना एयरपोर्ट, मुजफ्फपुर से काफी करीब हैं। मुजफ्फरपुर से दरभंगा एयरपोर्ट की दूरी करीब 61 किमी है, जबकि पटना एयरपोर्ट यहां से करीब 83 किमी दूर पड़ता है।
बिहार में अभी कुल 4 एयरपोर्ट दे रहे हैं सेवाएं
बताते चलें कि बिहार में अभी कुल 4 एयरपोर्ट हैं, जो कमर्शियल सर्विस दे रहे हैं। इनमें राजधानी पटना के जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अलावा, गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दरभंगा एयरपोर्ट और अभी हाल ही में शुरू हुआ पूर्णिया एयरपोर्ट शामिल है। जबकि अभी कई अन्य जिलों में एयरपोर्ट का काम अलग-अलग चरणों में आगे बढ़ रहा है।






































