ओडिशा के पुरी स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार में रखे भगवान महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के बहुमूल्य आभूषण और अन्य कीमती सामान सुरक्षित पाए गए हैं। मंदिर अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की जांच में इनका मिलान 1978 में तैयार की गई सूची से पूरी तरह हो रहा है। रत्न भंडार में रखे आभूषणों और कीमती वस्तुओं की गणना और मिलान का काम राज्य सरकार की ओर से तय नियमों और मानक संचालन प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सटीकता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
48 साल के अंतराल के बाद गिनती
श्रीमंदिर के मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी ने जानकारी देते हुए कहा कि आभूषणों में लगे कीमती रत्नों की बारीकी से पहचान और जांच की जा रही है। इसलिए इस पूरी प्रक्रिया को जल्दबाजी में पूरा करने के बजाय सटीक तरीके से किया जा रहा है। ऐसे में यह बताना फिलहाल मुश्किल है कि गणना और मिलान का काम पूरी तरह कब तक पूरा होगा। मंदिर के रत्न भंडार की सूची तैयार करने और मिलान की यह प्रक्रिया मार्च 2026 में शुरू हुई थी। यह काम करीब 48 साल के अंतराल के बाद दोबारा शुरू किया गया है। पहले चरण में रत्न भंडार की गणना का काम 25 मार्च से 23 मई के बीच पूरा किया गया था। इसके बाद रथयात्रा के दौरान भगवान के श्रृंगार में इस्तेमाल होने वाले रत्न-आभूषणों की गिनती का काम 19 जुलाई से शुरू किया गया।
पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग
सोमवार को महाप्रभु की सुबह की धूप नीति पूरी होने के बाद सुबह 11:30 बजे से शाम 6:45 बजे तक आभूषणों और अन्य वस्तुओं का बारीकी से मिलान किया गया। यानी करीब 7 घंटे 25 मिनट तक यह प्रक्रिया चली। मुख्य प्रशासक के अनुसार, यह काम मंगलवार को भी जारी रहेगा। रत्न भंडार जैसे संवेदनशील स्थान पर चल रही इस पूरी प्रक्रिया को लेकर सुरक्षा और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हो रही है। केवल अधिकृत लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति है। इसके अलावा पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जा रही है। रत्न भंडार में रखे आभूषणों और कीमती सामान की वैज्ञानिक तरीके से 3D मैपिंग और कैटलॉगिंग भी की जा रही है।
कीमती रत्नों की पहचान पर विशेष ध्यान
इस बार आभूषणों में लगे कीमती रत्नों की पहचान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए प्रमाणित जेमोलॉजिस्ट यानी रत्न विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, भगवान के आभूषणों में हीरा, नीलम, मोती और माणिक्य जैसे बहुमूल्य रत्न जड़े हुए हैं। इन रत्नों की पहचान और उनका मूल्यांकन करने में समय लग रहा है। एक सेट के मिलान में औसतन करीब 30 मिनट का समय लग रहा है। यही वजह है कि पूरी प्रक्रिया अपेक्षा से अधिक समय ले रही है। बताया जा रहा है कि 1978 में जब पिछली बार रत्न भंडार की सूची तैयार की गई थी, तब विशेषज्ञता की कमी के कारण कुछ बहुमूल्य रत्नों की पूरी तरह जांच नहीं हो सकी थी। इस बार रत्न विशेषज्ञों की मदद से उनकी पहचान और जांच की जा रही है।
लकड़ी के बक्सों में रखी हैं मूल्यवान वस्तुएं
रत्न भंडार में श्रद्धालुओं की ओर से समय-समय पर दान किए गए आभूषणों की अलग सूची तैयार की जा रही है। वहीं, बचे हुए स्वर्ण आभूषणों और अन्य मूल्यवान सामग्रियों की गिनती करके उन्हें भंडार में सेवायतों के सुपुर्द किया गया है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि रत्न भंडार के भीतरी हिस्से में कुछ मूल्यवान वस्तुएं लकड़ी के बक्सों में रखी हुई हैं। इन वस्तुओं का माप लिया जा चुका है और इनकी विस्तृत प्रक्रिया आने वाले दिनों में पूरी की जाएगी।
आभूषण और कीमती सामान सुरक्षित
आभूषणों और कीमती वस्तुओं के वजन और माप का काम पूरा होने के बाद उनकी आधिकारिक सूची के तीन सेट तैयार किए जाएंगे। इन सेटों को सुरक्षित तरीके से भीतरी रत्न भंडार में रखा जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य रत्न भंडार में मौजूद हर आभूषण और मूल्यवान वस्तु का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करना और उसे पुरानी सूची से मिलाना है। श्रीमंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया है कि 1978 में तैयार की गई सूची के आधार पर आभूषण और कीमती सामान सुरक्षित हैं और उनका मिलान हो रहा है। इस संवेदनशील प्रक्रिया में न्यायमूर्ति, छत्तीसानियोग के नायक, जिलाधिकारी और अन्य अधिकृत सदस्य भी शामिल हैं।
सामान की सूची को सार्वजनिक होगी या नहीं?
मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में जल्दबाजी के बजाय सटीकता और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जा रही है। रत्न भंडार की पूरी इन्वेंट्री प्रक्रिया समाप्त होने के बाद इस मामले को श्रीजगन्नाथ मंदिर की प्रबंध समिति के सामने रखा जाएगा। समिति से मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार यह फैसला करेगी कि रत्न भंडार में मौजूद आभूषणों और कीमती सामान की सूची को सार्वजनिक किया जाए या नहीं। फिलहाल रत्न भंडार की गणना और मिलान का काम चरणबद्ध तरीके से जारी है और मंदिर प्रशासन का कहना है कि इसे पूरी सावधानी, पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा किया जा रहा है। आपको बता दें कि कई बार ये भी बात उठती है कि मंदिर के रत्न भंडार में कोई खुफिया सुरंग या कमरा है। हालांकि, सर्वे में कोई खुफिया रास्ता नहीं मिला था।
2 दिन चलेगी गिनती
गिनती सोमवार को शुरू हुई, मंगलवार को चल रही है। टीम में भारतीय रिजर्व बैंक के विशेषज्ञों, रत्न विशेषज्ञों, ज्वेलर्स और फोटोग्राफरों को शामिल किया गया है। पूरी प्रक्रिया CCTV की निगरानी में की जा रही है। हर चीज का रिकॉर्ड रखने के लिए वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और 3D मैपिंग भी की जा रही है।कल 10वीं बार रत्न भंडार के भीतरी कक्ष में काम शुरू किया गया। रत्न भंडार में रखे आभूषणों और कीमती सामान की आखिरी बार गिनती और मूल्यांकन 1978 में किया गया था। उस समय यह पूरी प्रक्रिया 72 दिनों तक चली थी। अब करीब 48 साल बाद 24 मार्च 2026 से दोबारा गिनती और मूल्यांकन का काम शुरू हुआ। इसके बाद 11 मई को यह प्रक्रिया फिर से शुरू की गई। इस चरण में 9 दिनों तक काम चलने के बाद 30 मई को यह चरण पूरा हुआ।
अब स्वीकृत SOP यानी मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार रत्न भंडार की इन्वेंट्री का काम अलग-अलग चरणों में किया जा रहा है। रथयात्रा के दौरान हुई इस प्रक्रिया में 2 घंटे 27 मिनट तक आभूषणों की गिनती और वजन किया गया। इस दौरान भगवान के श्रृंगार में इस्तेमाल होने वाले 9 दुर्लभ आभूषणों की गिनती कर उनका रिकॉर्ड से मिलान किया गया। कुछ आभूषणों को इस प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जा सका, क्योंकि उस समय वह महाप्रभु के श्रृंगार में थी।
अब आगे क्या होगा?
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन की ओर से भीतर रत्न भंडार में रखी कीमती वस्तुओं की गिनती और रिकॉर्ड तैयार करने का काम पूरा होने के बाद, उन्हें सुरक्षित रखने के लिए लकड़ी के तीन संदूक तैयार किए जाएंगे। मंदिर प्रशासन ने सोमवार को भीतरी रत्न भंडार में रखे मौजूदा लकड़ी के बक्सों की माप ली है क्योंकि यह सुनिश्चित करना था कि आभूषणों और अन्य कीमती सामान की गिनती और रिकॉर्ड तैयार होने के बाद उन्हें सुरक्षित रखने के लिए सही आकार के नए संदूक तैयार किए जा सकें। भीतरी रत्न भंडार में रखी कुछ कीमती वस्तुएं आकार में बड़ी होने के कारण संभव है कि उनका वहीं पर गिनती करना संभव न हो। ऐसी वस्तुओं को बाद में ‘खाता सेजा घर’ लाया जाएगा। वहां उनका वजन, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और 3D मैपिंग की जाएगी, ताकि उनका पूरा रिकॉर्ड तैयार किया जा सके। दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन सभी कीमती सामानों को नए तैयार किए गए संदूकों में रखा जाएगा और फिर उन्हें वापस भीतर रत्न भंडार में सुरक्षित रख दिया जाएगा। (रिपोर्ट:शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें- VIDEO: श्री जगन्नाथ मंदिर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ा नकाबपोश युवक और जाकर बैठ गया, मचा हड़कंप, आरोपी की हुई पहचान
VIDEO: सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ओडिशा दौरे पर जगन्नाथ मंदिर में पूजा की, जानें क्या कहा






































