![]()
एक्टर कमाल राशिद खान उर्फ KRK को मुंबई पुलिस ने फायरिंग केस में हिरासत में लिया है। इस मामले में वह मुख्य आरोपी थे। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, KRK को शुक्रवार देर शाम ओशिवारा पुलिस स्टेशन लाया गया। पुलिस के अनुसार, KRK ने अपने बयान में माना है कि फायरिंग उनकी लाइसेंसी बंदूक से की गई थी। पुलिस ने उनकी बंदूक जब्त कर ली है और आगे की कार्रवाई के लिए कागजी प्रक्रिया चल रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 18 जनवरी को हुई थी, जब अंधेरी के ओशिवारा इलाके में एक रिहायशी बिल्डिंग पर दो गोलियां चलाई गई थीं। इंडिया टुडे के अनुसार, नालंदा सोसाइटी से दो गोलियां बरामद हुईं एक दूसरी मंजिल से और दूसरी चौथी मंजिल से। इनमें एक फ्लैट लेखक-निर्देशक नीरज कुमार मिश्रा का है और दूसरा एक मॉडल प्रतीक बैद का। शुरुआत में पुलिस को सीसीटीवी से कोई सुराग नहीं मिला, लेकिन फॉरेंसिक जांच के बाद पता चला कि गोलियां शायद KRK के बंगले से चली थीं।





































