अडाणी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर प्रणव अडाणी ने कहा है कि अडाणी ग्रुप महाराष्ट्र में 2.6 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स को पूरा कर चुका है या उन पर काम जारी है। ग्रुप ने राज्य में कुल मिलाकर एनर्जी, एविएशन, अर्बन रीडेवलपमेंट, डेटा सेंटर और कोल गैसीफिकेशन समेत अलग-अलग सेक्टरों में 6 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है।
WEF में की गई प्रतिबद्धताओं पर आधारित है इंवेस्टमेंट ब्लूप्रिंट
महाराष्ट्र की इंवेस्टमेंट प्रोमोशन यूनिट ‘इन्वेस्ट महाराष्ट्र’ की शुरुआत के मौके पर अडाणी ने गुरुवार को कहा कि ग्रुप का इंवेस्टमेंट ब्लूप्रिंट दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) में की गई प्रतिबद्धताओं और महाराष्ट्र सरकार के साथ साझेदारी के जरिए तैयार किया गया था।
महाराष्ट्र में 6 लाख करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता
प्रणव अडाणी ने कहा, ”दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम और राज्य के साथ साझेदारी के माध्यम से अडाणी ग्रुप ने एनर्जी, एविएशन और एयरो-डिस्ट्रिक्ट्स, अर्बन रीडेवलपमेंट, डेटा सेंटर और कोल गैसीफिकेशन जैसे महत्वपूर्ण और उभरते हुए सेक्टरों में 6 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। इनमें से 2.6 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स पहले ही पूरे हो चुके हैं या उन पर काम चल रहा है।”
2030 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने का लक्ष्य लेकर चल रहा है महाराष्ट्र
अडाणी ने कहा कि ये निवेश ऐसे समय में हो रहे हैं जब महाराष्ट्र 2030 तक 1000 अरब (1 ट्रिलियन) डॉलर की इकोनॉमी बनने का लक्ष्य लेकर चल रहा है, जिसमें मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) के केंद्रीय भूमिका निभाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, ”महाराष्ट्र के साथ हमारी साझेदारी कई दशकों पुरानी है, लेकिन हाल में की गई हमारी प्रतिबद्धताएं इसके स्वरूप, विस्तार और दृढ़ता के लिहाज से एक नई ऊंचाई को दर्शाती हैं। ये ऐसे समय में हुआ है जब राज्य का 2030 तक एक हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य है और इस लक्ष्य को हासिल करने में मुंबई महानगर क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।”
अडाणी के कंधों पर मुंबई के दोनों एयरपोर्ट की जिम्मेदारी
प्रणव अडाणी ने कहा कि राज्य में ग्रुप के एयरपोर्ट और पावर बिजनेस का जिक्र भी किया, जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट का मैनेजमेंट और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का डेवलपमेंट शामिल है। उन्होंने कहा कि नवी मुंबई एयरपोर्ट से आगे चलकर सालाना 9 करोड़ से ज्यादा यात्रियों का बोझ संभालने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अडाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड के माध्यम से अडाणी ग्रुप मुंबई में 30 लाख से ज्यादा घरों और प्रतिष्ठानों को बिजली की सप्लाई करता है, जिसमें उसकी 60 प्रतिशत से ज्यादा बिजली सप्लाई रीन्यूएबल एनर्जी से प्राप्त की जाती है।
ये भी पढ़ें
1178 फीट ऊंचे चिनाब ब्रिज पर 100 की स्पीड से दौड़ी वंदे भारत, अंजी ब्रिज पर भी सफल रही टेस्टिंग







































