मुंबई पुलिस की साकीनाका पुलिस स्टेशन और एंटी नारकोटिक्स टीम ने ड्रग्स सिंडिकेट के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में गुजरात के नर्मदा जिले में संचालित अवैध एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई की शुरुआत मुंबई में 101 ग्राम एमडी के साथ पकड़ी गई एक महिला प्राइवेट कैब चालक की गिरफ्तारी से हुई थी।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 21 मई 2025 को साकीनाका के पेनिनसुला होटल के सामने साकीनाका इलाके में मुस्कान समीर खान (26) नामक महिला को 101 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया था। मुस्कान पेशे से प्राइवेट कैब चालक बताई गई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान मुस्कान ने खुलासा किया कि उसने यह मादक पदार्थ वजेहुल कमर अब्दुल वफा चौधरी उर्फ पप्पू (56) से खरीदा था।
कैसे हुआ फैक्ट्री का खुलासा?
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और गोपनीय जांच के आधार पर सप्लाई नेटवर्क का पीछा किया। जांच में सामने आया कि आरोपी गुजरात के नर्मदा जिले के वरखड़ गांव (राजपीपला क्षेत्र) में किराए पर ली गई एक फैक्ट्री में एमडी ड्रग्स का निर्माण कर रहा था। मुंबई पुलिस की टीम ने गुजरात पहुंचकर छापेमारी की और कथित ड्रग्स निर्माण इकाई का भंडाफोड़ कर दिया। कार्रवाई के दौरान करीब 20 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 75 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई रसायन, उपकरण और मशीनें भी जब्त की गईं।
छापेमारी में क्या-क्या मिला?
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, दोनों आरोपियों पर पहले से एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि फैक्ट्री किराए पर लेकर संचालित की जा रही थी। छापेमारी में एमडी के अलावा 2-Bromo-4-methylaniline, 4-Methylpropiophenone, Monomethylamine, Bromine, Chloroform सहित कई रसायन, कमर्शियल फ्रीजर, मशीनरी, फ्लास्क और अन्य उपकरण जब्त किए गए। जब्त माल की कुल कीमत लगभग 75 करोड़ रुपये आंकी गई है।
ड्रग्स सिंडिकेट पर बड़ी चोट
पुलिस अब इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क के वित्तीय और सप्लाई चैनल की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तैयार एमडी की खेप किन राज्यों और शहरों में भेजी जा रही थी। यह कार्रवाई मुंबई और गुजरात के बीच फैले कथित ड्रग्स सिंडिकेट पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें- RCB विक्ट्री सेलिब्रेशन बना बवाल, बसों में तोड़फोड़ के आरोप में 18 गिरफ्तार, आरोपियों का निकाला गया जुलूस-VIDEO
645 करोड़ रुपये का घोटाला: रियल एस्टेट कारोबारी विक्रम वाधवा गिरफ्तार, जानें पूरा मामला







































