उत्तराखंड के नैनीताल में यात्रियों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर के खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस भीषण हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि 25 अन्य घायल हुए हैं। हादसा बुधवार रात को को नैनीताल के कालाढुंगी रोड पर हुआ। तेज रफ्तार टेंपो ट्रैलवर अचानक अनियंत्रित हुई और सीधे सड़क किनारे खाई में गिर गई।
वापस लौटने के दौरान हुआ हादसा
मेरठ के ताला फैक्ट्री क्षेत्र के एक परिवार की यह नैनीताल यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। जानकारी के मुताबिक यहां रहने वाले अनीस अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ 3-4 दिन पहले नैनीताल घूमने गए थे। बुधवार को सभी लोग मेरठ वापस लौट रहे थे, इसी दौरान पहाड़ी रास्ते में एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और टेंपो ट्रैवलर खाई में जा गिरी।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय लोगों के साथ-साथ जिला प्रशासन की टीम रेस्क्यू में जुटी। घायलों को पास के अस्पताल में पहुंचाया गया जहां दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि 25 घायलों का इलाज चल रहा है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल DM और SSP एक्शन में आए। उन्होंने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम को अलर्ट किया गया है।
जानकारों की माने तो कई लोगों की हालत ज्यादा गंभीर है इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
दुर्घटना में घायल हुए लोगों के नाम-
पुलिस के मुताबिक, टेंपो ट्रैवलर में कुल 29 लोग सवार थे। वे सभी यूपी के मेरठ जिले के निवासी हैं। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया गया है। घायल हुए यात्रियों में सुहेमा, तस्वीब्या, माहिरा, सोफिया, सना, आशिक, साद, आयशा, अनीशा, शाकिर, फरत, नफीस अहमद, रशीद अहमद, लाइबा, उल्बिया, मोनिश, रेशमा, रुकसाना समेत कई अन्य लोग शामिल हैं।
मेरठ में पसरा मातम, रातों-रात हल्द्वानी पहुंचे परिजन
वहीं, मामला सामने आते ही मेरठ के परिवार में अन्य लोगों की चिंता बढ़ गई है। हादसे की खबर मिलते ही मेरठ के ताला फैक्ट्री क्षेत्र में मातम छा गया। परिजन रातों-रात हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए। अस्पताल के बाहर परिजनों की भीड़ जुटी हुई है और सभी घायल रिश्तेदारों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें-
गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बड़ा हादसा, सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरी कार
खेलते-खेलते सेप्टिक टैंक में समा गया 5 साल का मासूम, दर्दनाक हादसे का CCTV फुटेज वायरल





































