
पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ को देखते हुए रिलायंस ने राज्य में एक व्यापक मानवीय प्रतिक्रिया शुरू की है। राज्य प्रशासन, पंचायतों और स्थानीय हितधारकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते हुए रिलायंस की टीमें जमीनी स्तर पर मौजूद हैं और खासतौर पर अमृतसर और सुल्तानपुर लोधी के सबसे ज्यादा प्रभावित गांवों में तत्काल राहत पहुंचा रही हैं।
अनंत अंबानी ने पंजाब के लिए भेजा संदेश
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के डायरेक्टर अनंत अंबानी ने कहा, “इस दुख की घड़ी में हम पंजाब के लोगों के साथ हैं। परिवारों ने अपने घर, आजीविका और सुरक्षा की भावना खो दी है। पूरा रिलायंस परिवार उनके साथ खड़ा है और लोगों एवं जानवरों, दोनों के लिए भोजन, पानी, आश्रय किट और देखभाल प्रदान कर रहा है। ये प्लान हमारे इस गहरे विश्वास को दर्शाती है कि हम परवाह करते हैं। हम इस कठिन समय में पंजाब के साथ चलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
रिलायंस ने पंजाब के लिए की ये 10 घोषणाएं
पोषण सहायता
- महत्वपूर्ण पोषण के लिए 10,000 सबसे ज्यादा प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक खाद्य आपूर्ति के साथ सूखा राशन किट।
- सबसे कमजोर 1,000 परिवारों, विशेष रूप से अकेली महिलाओं और बुजुर्गों द्वारा चलाए जाने वाले परिवारों के लिए ₹5,000 की वाउचर-आधारित सहायता।
- समुदायों को तत्काल पोषण प्रदान करने हेतु सामुदायिक रसोई के लिए सूखा राशन।
- सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने के लिए जलभराव वाले क्षेत्रों में पोर्टेबल वाटर फिल्टर की स्थापना।
आश्रय सहायता
- विस्थापित परिवारों की सुरक्षा के लिए तिरपाल, ग्राउंडशीट, मच्छरदानी, रस्सियां और बिस्तर सहित आपातकालीन आश्रय किट।
जन स्वास्थ्य जोखिम प्रबंधन (PHRM)
- बाढ़ के बाद होने वाली बीमारियों के प्रकोप को रोकने के लिए स्वास्थ्य जागरूकता सत्र और जल स्रोतों का कीटाणुशोधन।
- प्रत्येक प्रभावित परिवार के लिए स्वच्छता संबंधी आवश्यक वस्तुओं के साथ स्वच्छता किट का वितरण।
पशुधन सहायता
- पशु चिकित्सा सर्वेक्षणों से पता चलता है कि जलभराव के कारण पशुधन गंभीर संकट में हैं और उनके तत्काल देखभाल को प्राथमिकता दी जा रही है।
- रिलायंस फाउंडेशन और वंतारा, पशुपालन विभाग के साथ मिलकर दवाइयां, टीके और देखभाल प्रदान करने के लिए पशुधन शिविर स्थापित कर रहे हैं। लगभग 5,000 मवेशियों के लिए 3,000 साइलेज बंडल वितरित किए जा रहे हैं।
- आधुनिक बचाव उपकरणों और वर्षों की विशेषज्ञता के साथ, वंतारा की 50 से ज्यादा सदस्यों वाली विशेषज्ञ टीम, बचाए गए पशुओं के उपचार, मृत पशुओं के सम्मानजनक वैज्ञानिक दाह संस्कार सुनिश्चित करने और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय में संभावित बीमारियों के प्रकोप को रोकने के प्रयासों में सहयोग कर रही है।
पंजाब में बहाल हुई जियो की सेवाएं
रिलायंस की टीमें जिला प्रशासन, पशुपालन विभाग और स्थानीय पंचायतों के साथ मिलकर चौबीसों घंटे काम कर रही हैं ताकि तत्काल जीवन रक्षक सहायता प्रदान की जा सके और साथ ही मध्यम अवधि के पुनर्वास कार्यों की योजना बनाई जा सके। पंजाब की जियो टीम ने एनडीआरएफ टीमों के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नेटवर्क बहाल करने की कोशिशें की, जिससे पूरे राज्य में 100% कनेक्टिविटी सुनिश्चित हुई।
प्रभावित लोगों को पहुंचाए जा रहे हैं राशन और स्वच्छता किट
रिलायंस रिटेल टीम, रिलायंस फाउंडेशन और स्वयंसेवकों के साथ मिलकर, पंचायतों के माध्यम से पहचाने गए सबसे ज्यादा प्रभावित समुदायों के पोषण और स्वच्छता के लिए 21 आवश्यक वस्तुओं की तैयार की गई सूखा राशन किट और स्वच्छता किट भेज रही है। रिलायंस ने कहा है कि वे संकट की इस घड़ी में पंजाब के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं, जमीनी स्तर पर सामूहिक कार्रवाई, देखभाल और करुणा के साथ, ताकि राज्य को तीव्र, समग्र और व्यापक सुधार के साथ मजबूत बनाया जा सके।







































