रुद्रप्रयागः श्री केदारनाथ धाम के कपाट पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आज श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिए जाएंगे। मंदिर को 51 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत किया है। एक्स पर शेयर गए किए एक पोस्ट में सीएम धामी ने कहा कि कपाट खुलने के पावन अवसर पर हम उत्तराखंड की इस दिव्य भूमि पर पवित्र चार धाम यात्रा के लिए आप सभी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन करते हैं।
मोबाइल ले जाने, वीडियो और रील बनाने पर रोक
इस बार जारी की गई गाइडलाइंस के मुताबिक, मंदिर परिसर में किसी भी तरह की रील बनाना या वीडियोग्राफी करना मना है। मंदिर परिसर में मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी मना है। इसकी जानकारी रुद्रप्रयाग की एसपी निहारिका तोमर ने दी है। निहारिका ने बताया कि मंदिर प्रशासन ने एक मोबाइल काउंटर और लॉकर सिस्टम भी बनाया है। मैं सभी श्रद्धालुओं से अपील करना चाहूंगी कि वे मंदिर परिसर में किसी भी तरह की वीडियोग्राफी न करें और न ही रील बनाएं, ताकि इसकी गरिमा और पवित्रता बनी रहे। एसपी ने कहा कि यहां बिना इजाज़त ड्रोन उड़ाना भी मना है।
श्रद्धालुओं के लिए एडवाइज़री जारी
मंदिर प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने और मंदिर परिसर की पवित्रता बनाए रखने में मदद करने की अपील की है। 19 अप्रैल (अक्षय तृतीया) को चार धाम यात्रा के आधिकारिक तौर पर शुरू होने के साथ ही, बेस कैंपों में रिकॉर्ड संख्या में तीर्थयात्री जमा हो चुके हैं। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के लिए एडवाइज़री जारी की है कि वे भारी ऊनी कपड़े साथ रखें, क्योंकि हाल ही में हुई बर्फबारी के कारण तापमान जमाव बिंदु के करीब बना हुआ है।







































