कुमार मंगलम बिड़ला के टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन का पद 5 मई को संभालते ही अगले दिन यानी 6 मई को कंपनी के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। वोडाफोन आइडिया के शेयरों में बुधवार को 5 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखी गई। सुबह के कारोबार में कंपनी का शेयर बीएसई और एनएसई दोनों पर 5.37% चढ़कर 11.38 रुपये तक पहुंच गया। कुमार मंगलम बिड़ला, जो आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन हैं, 5 मई 2026 से यह पद संभाल चुके हैं। वे रविंदर टक्कर की जगह लेंगे, जिन्होंने चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, टक्कर कंपनी में नॉन-एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन के रूप में बिड़ला की मदद करते रहेंगे।
वोडाफोन आइडिया के शेयर भाव
सुबह 11 बजकर 52 मिनट पर एक समय वोडाफोन आइडिया के शेयर का भाव एनएसई पर 4.26% की उछाल के साथ 11.26 रुपये पर था। इसी तरह, बीएसई सेंसेक्स पर कंपनी का शेयर भाव 4.17% की तेजी के साथ 11.25 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार कर रहा था। एनएसई पर इससे पहले 10 बजकर 33 मिनट पर वोडाफोन आइडिया का शेयर भाव 5.09% की उछाल के साथ 11.35 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
कंपनी को नौ महीनों में 17,418 करोड़ रुपये का घाटा
कंपनी ने एक नियामकीय फाइलिंग में बताया कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने कुमार मंगलम बिड़ला को नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर से नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। साथ ही, रविंदर टक्कर को नॉन-एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन बनाने को भी स्वीकृति दी गई है। वित्तीय स्थिति की बात करें तो वोडाफोन आइडिया ने दिसंबर 2025 तक के नौ महीनों में 17,418 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया है। वहीं, कंपनी की नेटवर्थ माइनस 87,744 करोड़ रुपये रही है।
पिछले हफ्ते कंपनी की एक फाइलिंग में बताया गया कि सरकार ने कर्ज में डूबी कंपनी Vodafone Idea पर एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू की देनदारी को लगभग 27% घटाकर 64,046 करोड़ रुपये कर दिया है। वैसे सिटी रिसर्च भी Vodafone Idea को एक ‘हाई-रिस्क’ निवेश मानती है। इसके पीछे उसने कंपनी की अभी भी बहुत ज्यादा कर्ज वाली बैलेंस शीट और सरकार से लगातार मिलने वाले समर्थन पर उसकी निर्भरता का हवाला दिया है।






































