
दीपावली के मौके पर हरियाणा सरकार ने राज्य के गन्ना किसानों के लिए एक बड़ी घोषणा की है। हरियाणा सरकार ने रविवार को कहा कि उसने दिवाली के मौके पर किसानों को एक बड़ी राहत देते हुए गन्ने का भाव 400 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 415 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिवाली पर गन्ना किसानों को तोहफा दिया है। इसमें आगे कहा गया कि राज्य सरकार ने किसानों को देश में गन्ने का सबसे ज्यादा भाव देने का फैसला किया है।
गन्ना की अगेती किस्मों के लिए किसानों को मिलेंगे 415 रुपये
हरियाणा सरकार ने गन्ना की अगेती किस्मों का भाव 400 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 415 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है, जबकि पछेती किस्मों का भाव 393 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 408 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। बयान में कहा गया है, ”इसके साथ, हरियाणा सरकार ने देश में सबसे ज्यादा गन्ना मूल्य की पेशकश करके एक ऐतिहासिक कदम उठाया है- ये किसानों की आय बढ़ाने और उनकी आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा कदम है।”
किसानों के लिए दिवाली का तोहफा
हरियाणा सरकार के एक बयान के मुताबिक ये मूल्य वृद्धि गन्ना किसानों के लिए दिवाली का तोहफा है और इससे उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण को मान्यता मिलेगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार का ये फैसला न सिर्फ गन्ना किसानों के हित में है, बल्कि राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री सैनी ने आगे कहा कि उनकी सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
वृद्धावस्था पेंशन में भी की बढ़ोतरी
हरियाणा सरकार ने पिछले हफ्ते शुक्रवार को वृद्धावस्था पेंशन 3,000 रुपये से बढ़ाकर 3,200 रुपये प्रति माह करने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पिछले साल उनकी सरकार ने 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले किए गए 217 चुनावी वादों में से 46 वादे पूरे किए हैं। उन्होंने चालू वित्त वर्ष 2025-26में 90 संकल्प पूरे करने का वादा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे किए गए वादों में लाडो लक्ष्मी योजना भी शामिल है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को 2,100 रुपये प्रति माह दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि शेष चुनावी वादों पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।







































