
महंगाई के इस दौर में अगर सिर्फ 5 रुपये में खाना मिल जाए तो कैसा रहेगा। जी हां, देश का एक शहर ऐसा भी है, जहां आम लोगों को सिर्फ 5 रुपये में पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण खाना मिलेगा। तेलंगाना के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर और हैदराबाद की मेयर गडवाल विजयलक्ष्मी ने सोमवार को 5 रुपये में नाश्ता देने वाली नई आधुनिक इंदिराम्मा कैंटीन का उद्घाटन किया। ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (GHMC) की एक रिलीज में कहा गया है कि इस पहल का उद्देश्य अत्यधिक रियायती दरों पर पौष्टिक, गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है, जिससे शहर में रहने वाले हजारों वंचित नागरिकों पर आर्थिक बोझ कम होगा।
नाश्ते पर 14 रुपये और भोजन पर 24.83 रुपये की मिलेगी सब्सिडी
हैदराबाद की इंदिराम्मा कैंटीन में सभी लोगों को सिर्फ 5-5 रुपये में नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। प्रेस रिलीज में कहा गया है कि जीएचएमसी द्वारा नाश्ते पर 14 रुपये और भोजन पर 24.83 रुपये की सब्सिडी दिए जाने से लाभार्थी हर महीने 3,000 रुपये तक की बचत कर सकते हैं। प्रभाकर ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर, सभी के लिए किफायती भोजन सुनिश्चित करने के लिए इंदिराम्मा कैंटीन शुरू की गई है।’’ नगर निगम ने X पर एक पोस्ट में कहा कि हरे कृष्ण मूवमेंट चैरिटेबल फाउंडेशन के सहयोग से कैंटीन 5 रुपये में पौष्टिक नाश्ता और दोपहर का भोजन मुहैया करती है, ‘‘जो दिहाड़ी मजदूरों, छात्रों, ड्राइवर, प्रवासी श्रमिकों और वंचित वर्गों को गरिमा से जीवन जीने के साथ ही राहत प्रदान करता है।’’
रोजाना 30,000 से ज्यादा लोगों को भोजन उपलब्ध कराती हैं 150 कैंटीन
बताते चलें कि 5 रुपये वाले भोजन केंद्रों का नाम हाल ही में अन्नपूर्णा से बदलकर इंदिराम्मा कैंटीन कर दिया गया है। वर्तमान में, पूरे हैदराबाद में ऐसी 150 कैंटीन चलाई जा रही हैं, जो रोजाना 30,000 से ज्यादा लोगों को भोजन उपलब्ध कराती हैं। रिलीज में कहा गया है कि अपनी शुरुआत से अब तक इस कार्यक्रम ने 12.3 करोड़ से ज्यादा लोगों को भोजन उपलब्ध कराया है, जिसके तहत गरीबों के लिए किफायती भोजन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने लगभग 254 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
पीटीआई इनपुट्स के साथ







































