- Hindi News
- Entertainment
- Bollywood
- 20 People Were Held Hostage In The Name Of Audition. AICWA Ask Strict Action Against All Studios In Mumbai, Wrote To Maharashtra CM
1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

फिल्म इंडस्ट्री के हब मुंबई के पवई इलाके के RA स्टूडियो में ऑडिशन के नाम पर 19 लोगों को बंधक बना लिया गया। मुंबई पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए बंधक बनाने वाले यूट्यूबर को एनकाउंटर में मार गिराया। हालांकि घटना की जानकारी मिलने के बाद AICWA (ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन) के प्रेसिडेंट ने मुंबई में ऑडिशन करवाने वाले सभी स्टूडियो पर नकेल कसने की अपील करते हुए इस मामले पर सख्त कार्यवाही की मांग की है।
AICWA के प्रेसिडेंट ने सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस को एक नोटिस जारी सख्त एक्शन की मांग की। इसकी जानकारी एसोसिएशन के आधिकारिक X अकाउंट से दी गई।
पोस्ट में लिखा गया है, ‘मुंबई के पवई इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के नाम पर आर.ए. स्टूडियो में फर्जी ऑडिशन आयोजित किया जा रहा था। ऑडिशन देने पहुंचे करीब 20 उभरते कलाकारों का कथित रूप से अपहरण कर लिया गया था, जिन्हें मुंबई पुलिस ने त्वरित और सराहनीय कार्रवाई करते हुए बचा लिया।’

एसोसिएशन ने यह गंभीर सवाल उठाया है कि बिना उचित जांच या अनुमति के किसी प्रतिष्ठित स्टूडियो के भीतर ऐसे अवैध ऑडिशन कैसे आयोजित किए जा रहे थे।
एसोसिएशन ने इन मुद्दों पर जांच किए जाने की मांग की है-
- किस आधार पर आर.ए. स्टूडियो को ऐसे ऑडिशन आयोजित करने की अनुमति दी गई?
- आयोजकों ने उभरते कलाकारों का डेटा कहां से प्राप्त किया?
- ये ऑडिशन आयोजित करने वाले लोग कौन थे और उनका पृष्ठभूमि क्या है?
एसोसिएशन का कहना है कि मुंबई में सैकड़ों स्टूडियो प्रतिदिन ऑडिशन आयोजित करते हैं, जिनमें पूरे भारत से हजारों नए कलाकार फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के सपने लेकर आते हैं। एसोसिएशन के प्रेसिडेंट सुंदर श्यामलाल गुप्ता ने कहा, ‘अगर मुंबई में इतनी आसानी से ऐसी घटनाएं हो सकती हैं, तो इसका मतलब है कि हर उभरते कलाकार की जिंदगी खतरे में है।’

आगे उन्होंने कहा, ‘यह सिर्फ एक घटना का मामला नहीं है, यह मुंबई, भारत की फिल्म इंडस्ट्री के दिल में विश्वास बहाल करने की बात है। सरकार को सख्त और पारदर्शी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि कोई भी अपराधी दोबारा बॉलीवुड के नाम का दुरुपयोग अवैध गतिविधियों के लिए न कर सके।’
AICWA ने राज्य सरकार से मांग की है कि जिन स्टूडियो और प्रोडक्शन हाउस में ऑडिशन आयोजित किए जा रहे हैं, उनके रजिस्ट्रेशन, लाइसेंसिंग और साख की तुरंत जांच की जाए। एसोसिएशन ने गृह विभाग से यह भी सिफारिश की है कि भविष्य में ऐसे अपराधों को रोकने के लिए सभी ऑडिशनों के लिए अनिवार्य सत्यापन प्रोटोकॉल लागू किए जाएं।
AICWA ने सभी उभरते कलाकारों और तकनीशियनों से अपील की है कि वे किसी भी ऑडिशन या कास्टिंग कॉल में जाने से पहले उसकी आधिकारिक और प्रमाणित स्रोतों से पुष्टि करें, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस या AICWA कार्यालय को दें।
क्या है 20 लोगों को बंधक बनाने का पूरा मामला?
मुंबई के पवई इलाके के रा स्टूडियो में गुरुवार को 17 बच्चों समेत 19 लोगों को बंधक बनाने वाला 50 वर्षीय रोहित आर्या नाम का यूट्यूबर एनकाउंटर में मारा गया। क्विक रिस्पॉन्स टीम के 8 कमांडो ने 35 मिनट में बच्चों सहित सभी लोगों का छुड़ा लिया।

आरोपी ने 10 से 15 साल के 100 बच्चों को वेब सीरीज के ऑडिशन के नाम पर बुलाया था। यह ऑडिशन दो दिन चलना था। ऑडिशन के दौरान ही उसने 17 बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया। बंधक बनाने के बाद आर्या ने वीडियो जारी कर खुद के आतंकी नहीं होने का दावा किया।
उसने धमकी दी कि उसे कुछ हुआ तो बच्चों को नुकसान होगा। मुंबई पुलिस को इसकी सूचना दोपहर करीब डेढ़ बजे मिली। इसके बाद कमांडोज और पुलिस ने स्टूडियो की घेराबंदी की। पुलिस बाथरूम के रास्ते स्टूडियो में घुसी।
इस दौरान, रोहित ने पुलिस टीम पर एयर गन से हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिससे आर्य घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां शाम 5:15 बजे उसकी मौत हो गई। रोहित पुणे का रहने वाला था। आरए स्टूडियो में ऑडिशन लेता था। यूट्यूब चैनल भी चलाता था।







































