सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई ताजा बढ़ोतरी के बाद आज सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के शेयरों में 4 से 6 प्रतिशत तक की बढ़त देखी गई। बीएसई पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) का शेयर 5.86 प्रतिशत चढ़कर 412.55 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) का शेयर 4.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 309 रुपये पर रहा, जबकि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) का शेयर 4.15 प्रतिशत बढ़कर 145.30 रुपये पर पहुंच गया।
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने आज फिर बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में ये तेजी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को 2.61 से 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद देखी गई, जो 10 दिनों में चौथी बढ़ोतरी है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी के साथ 15 मई से अब तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर लगभग 7.53 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हो चुकी है, जिससे महंगाई और परिवहन लागत बढ़ने की चिंता गहरा गई है। पब्लिक सेक्टर की ऑयल कंपनियां इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम मिलकर देश के लगभग 90 प्रतिशत पेट्रोल-डीजल मार्केट पर कंट्रोल रखती हैं।
सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट
जानकारों के अनुसार, इस साल फरवरी के आखिर से अभी तक वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में 50 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई है। इसकी वजह अमेरिका-इजराइल हमलों के बाद ईरान में तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सप्लाई बाधित होने की आशंका बताई जा रही है। बताते चलें कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज वैश्विक तेल परिवहन का एक प्रमुख रूट है। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने और समझौता होने की उम्मीदों के बीच सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। इस समझौते से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का रास्ता फिर से खुल जाएगा।






































