
व्लादिमीर पुतिन आएंगे भारत। (फाइल फोटो)
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार 4 दिसंबर को भारत पहुंचने वाले हैं। पुतिन के भारत दौरे पर पूरी दुनिया की नजर है। वजह है कि भारत और रूस के बीच होने वाली डिफेंस डील। व्लादिमीर पुतिन भारत को सिर्फ हथियार ही नहीं दे रहे बल्कि पूरी टेक्नोलॉजी भी दे रहे हैं। यानि भारत को हथियार तो मिलेंगे ही उसकी तकनीक भी मिलेगी। भारत इन हथियारों को अपने देश में ही बना सकेगा। इन सब के बीच सूत्रों के हवाले से व्लादिमीर पुतिन के दौरे का पूरा शेड्यूल सामने आ गया है।
क्या है पुतिन की यात्रा शेड्यूल?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ऐसी संभावना है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 4 दिसंबर गुरुवार को शाम 7 बजे तक भारत पहुंचेंगे। वह गुरुवार को ही भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद 5 दिसंबर शुक्रवार को व्लादिमीर पुतिन पहले राजघाट जा सकते हैं और इसके बाद उनके हैदराबाद हाउस जाने की भी संभावना है, जहां द्विपक्षीय बैठक होगी। इस बैठक के बाद संयुक्त बयान जारी किए जाएंगे।
राष्ट्रपति भवन में होंगे पुतिन
सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 5 दिसंबर को दिल्ली में स्थित भारत मंडपम में फिक्की द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। इसके बाद पुतिन राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक राजकीय भोज में शामिल हो सकते हैं।







































