Gold-Silver price 15 May: सर्राफा बाजार में निवेश करने वालों और शादी-ब्याह के लिए गहने खरीदने की प्लानिंग कर रहे परिवारों के लिए आज एक राहत भर खबर सामने आई है। पिछले कुछ दिनों से आसमान छू रही सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कीमती धातुओं के भाव औंधे मुंह गिर गए हैं, जो लोगों के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।
चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट
MCX पर 13 मई को चांदी का भाव करीब ₹3,04,000 प्रति किलो था, जो आज गिरकर ₹2,74,000 प्रति किलो पर पहुंच गया है। यानी सिर्फ दो दिनों में चांदी करीब ₹30,000 प्रति किलो सस्ती हो गई। इतनी बड़ी गिरावट ने बाजार में हलचल मचा दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक पिछले कुछ समय से चांदी में लगातार तेजी देखने को मिल रही थी, जिसके बाद अब भारी बिकवाली हुई है।
सोना भी हुआ सस्ता
सोने के दाम में भी गिरावट दर्ज की गई है। 13 मई को 24 कैरेट गोल्ड का भाव करीब ₹1,64,000 प्रति 10 ग्राम था, जो अब घटकर ₹1,59,000 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। यानी सोना करीब ₹5,000 तक सस्ता हो गया है। इससे ज्वेलरी खरीदने वाले ग्राहकों को थोड़ी राहत मिल सकती है। देखा जाए तो सोने के भाव में प्रति 10 ग्राम ₹5,000 की कमी आई है। हालांकि, कीमतें अभी भी काफी ऊंचे स्तर पर हैं, लेकिन इस अचानक आई गिरावट ने खरीदारों को थोड़ी राहत जरूर दी है।
क्यों आई बाजार में यह गिरावट?
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी डॉलर की मजबूती और वैश्विक स्तर पर ब्याज दरों में बदलाव की संभावनाओं के कारण निवेशकों ने सोने-चांदी से पैसा निकालकर अन्य संपत्तियों में लगाना शुरू कर दिया है। इसके अलावा, ऊंचे भाव पर हुई प्रॉफिट बुकिंग ने भी कीमतों को नीचे धकेलने में बड़ी भूमिका निभाई है।







































