![]()
चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित मशहूर रैपर बादशाह के सागो क्लब को मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे प्रशासन की बिल्डिंग ब्रांच ने सील कर दिया है। क्लब संचालकों को भवन नियमों के उल्लंघन को लेकर कई बार नोटिस जारी किए गए थे। उन्हें निर्धारित समय के भीतर कमियां दूर करने और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसके बाद बिल्डिंग ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और सीलिंग की कार्रवाई की। प्रशासन के मुताबिक, क्लब में भवन संबंधी नियमों और स्वीकृत नक्शे से जुड़े कुछ उल्लंघनों को लेकर लंबे समय से मामला चल रहा था। बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद संतोषजनक जवाब और अनुपालन नहीं मिलने पर आखिरकार क्लब को सील करने का फैसला लिया गया। यह वही क्लब है, जो इससे पहले भी एक बड़े विवाद के कारण चर्चा में आ चुका है। क्लब के बाहर हुए धमाकों की जिम्मेदारी सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा की ओर से लिए जाने की बात सामने आई थी। नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था
प्रशासन के अनुसार इमारत में लगातार भवन नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था और पहले जारी किए गए कारण बताओ नोटिस का भी पालन नहीं किया गया। यह कार्रवाई चंडीगढ़ एस्टेट रूल्स, 2007 के नियम 14 और 10 तथा पंजाब (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1952 की धारा 8-ए के तहत की गई है। यह खामियां मिली थी
निरीक्षण के दौरान बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और दूसरी मंजिल पर कई अनधिकृत निर्माण पाए गए। इनमें बिना अनुमति के केबिन, पार्टीशन, शौचालय, रसोई और कोल्ड स्टोर का निर्माण शामिल है। इसके अलावा खुले आंगन को लोहे के ढांचे और फाइबर शीट से ढंका गया था। भवन के स्वीकृत नक्शे में बदलाव कर लेआउट भी बदला गया था। टिन शेड और स्टोर बनाए गए थे। पीछे के हिस्से की ऊंचाई में भी बदलाव किया गया था। दो साल पहले नोटिस जारी, फिर भी नहीं किया सुधार
प्रशासन ने बताया कि इस संबंध में 25 अप्रैल 2024 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। पर्याप्त समय और अवसर देने के बावजूद न तो अवैध निर्माण हटाए गए और न ही उन्हें नियमित कराया गया। लगातार नियमों की अनदेखी के चलते एस्टेट ऑफिस की टीम ने 2 जून 2026 को परिसर को सील कर दिया। अगले आदेश तक भवन को सील कर सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि इसका कोई और अनधिकृत उपयोग न हो सके। यह आदेश डिप्टी कमिश्नर-कम-एस्टेट ऑफिसर, यूटी चंडीगढ़ की ओर से जारी किया गया है। 2 साल पहले हुआ था क्लब के बाहर धमाका
करीब दो साल पहले सेक्टर-26 स्थित दो क्लबों के बाहर धमाके हुए थे। इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग की ओर से ली गई थी। गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी सामने आई थी, जिसमें धमाकों की वजह कथित तौर पर प्रोटेक्शन मनी न देना बताई गई थी। धमाके सेविले बार एंड लाउंज और डि’ओरा क्लब के बाहर हुए थे। इस घटना में क्लबों के बाहर लगे शीशे टूट गए थे। सेविले बार एंड लाउंज के मालिकों में मशहूर रैपर बादशाह भी पार्टनर हैं। गोल्डी बराड़ के हवाले से सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में दावा किया गया था कि दोनों क्लबों के मालिकों से प्रोटेक्शन मनी के लिए संपर्क किया गया था। पोस्ट में कहा गया था कि उनकी ओर से कॉल और संदेशों का जवाब नहीं दिया गया, जिसके बाद धमाके किए गए। साथ ही यह भी दावा किया गया था कि जो लोग उनकी कॉल्स को नजरअंदाज कर रहे हैं, वे इसे चेतावनी के तौर पर लें। हालांकि, इस मामले की जांच पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की गई थी।







































