लग्जरी कार मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया ने बुधवार को मिनी कंट्रीमैन सी को भारत में लॉन्च कर दिया। पेट्रोल इंजन वाली इस मेड इन इंडिया कार के लॉन्च के साथ ही कंपनी ने अपने प्रीमियम सेगमेंट को विस्तार दिया है। बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के प्रेसिडेंट और सीईओ हरदीप सिंह बरार ने कहा कि मिनी कंट्रीमैन सी का शुरुआती एक्स-शोरूम प्राइस 47.50 लाख रुपये रखा गया है। दिल्ली में इसका ऑन-रोड प्राइस लगभग 54.90 लाख रुपये होगा।
कंपनी ने चेन्नई प्लांट में ही लॉन्च की गाड़ी
बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया ने अपने चेन्नई प्लांट में ही इस कार को लॉन्च किया, जहां मीडिया और ऑटोमोबाइल सेक्टर के तमाम जानकार जुटे थे। मिनी कंट्रीमैन सी के लॉन्च इवेंट में चेन्नई प्लांट के मैनेजिंग डायरेक्टर थॉमस डोज ने कहा कि इस नए मॉडल की शुरुआत ब्रांड के लिए एक महत्वपूर्ण ऑपरेशनल माइलस्टोल है। इसे प्रीमियम क्रॉसओवर क्लास ‘कम्प्लीटली नॉक्ड डाउन’ (CKD) किट के माध्यम से यहां लोकल लेवल पर मैन्यूफैक्चर किया जाएगा।
देशभर में शुरू हुई मिनी कंट्रीमैन सी की बुकिंग
बताते चलें कि ‘कम्प्लीटली नॉक्ड डाउन’ (CKD) गाड़ियों वो होती हैं जिन्हें अलग-अलग पार्ट्स और कंपोनेंट्स के रूप में इंपोर्ट किया जाता है और फिर उन्हें लोकल प्लांट में असेंबल करके पूरी गाड़ी तैयार की जाती है। आज लॉन्च के साथ ही मिनी कंट्रीमैन सी की बुकिंग देशभर के डीलरशिप पर आधिकारिक रूप से शुरू हो चुकी है और ग्राहकों को इसकी डिलीवरी तुरंत शुरू करने की योजना है।
भारत में हुआ मिनी के पोर्टफोलियो का विस्तार
इन नए मॉडल के साथ ही, अब भारत में मिनी के कुल 6 मॉडल हो गए हैं। इनमें कंट्रीमैन सी के अलावा, मिनी कूपर, मिनी कूपर एस कन्वर्टिबल, मिनी कंट्रीमैन, मिनी कूपर एसई और मिनी कंट्रीमैन इलेक्ट्रिक शामिल है। मिनी कूपर इसकी सबसे सस्ती गाड़ी है, जिसका दिल्ली में एक्स-शोरूम प्राइस 44,45,000 रुपये है। जबकि, मिनी कंट्रीमैन सबसे महंगी गाड़ी है, जिसका दिल्ली में एक्स-शोरूम प्राइस 66,15,000 रुपये है।
1 जुलाई से महंगी होंगी बीएमडब्ल्यू और मिनी की सभी गाड़ियां
बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया ने अभी हाल ही में अपनी गाड़ियों की कीमत बढ़ाने की घोषणा की थी। बीएमडब्ल्यू 1 जुलाई से अपने सभी गाड़ियों की कीमत बढ़ाने जा रही है। इसमें बीएमडब्ल्यू के साथ-साथ मिनी की भी सभी गाड़ियां शामिल हैं। बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया ने बताया कि 1 जुलाई से उनकी सभी गाड़ियों की कीमतों में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी लागू हो जाएगी। कंपनी ने अपने एक बयान में कहा था कि गाड़ियों की कीमत में की जा रही ये बढ़ोतरी भारत में स्थानीय रूप से मैन्यूफैक्चर और पूरी तरह आयातित (CBU) दोनों ब्रांड पर लागू होगी।







































