घरेलू शेयर बाजार ने आज लगातार चौथे दिन तेजी के साथ हरे निशान में कारोबार बंद किया। इन 4 दिनों के कारोबार में बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स कुल 3,323.07 अंक यानी 4.50 प्रतिशत की बढ़त लेकर आज 77,155.62 अंकों पर बंद हुआ। इस तेजी से, शेयर बाजार निवेशकों की संपत्ति में 4 दिनों में 22.78 लाख करोड़ रुपये की बंपर बढ़ोतरी हुई है। घरेलू बाजार में लगातार 4 दिनों से जारी तेजी के बीच बीएसई पर लिस्ट कंपनियों का मार्केट कैप भी 5 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है।
बुधवार को 77,000 के लेवल को पार कर गया सेंसेक्स
बुधवार को बीएसई सेंसेक्स 347.14 अंकों (0.45%) की बढ़त के साथ 77,155.62 अंकों पर बंद हुआ। जबकि, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स आज 96.55 अंकों (0.40 प्रतिशत) की तेजी के साथ 24,085.70 अंकों पर बंद हुआ। ये बाजार में तेजी का लगातार चौथा कारोबारी सत्र रहा। इन चार दिनों में बीएसई पर लिस्ट कंपनियों का मार्केट कैप 22.78 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 4,75,12,374.27 करोड़ रुपये (करीब 5.03 लाख करोड़ डॉलर) हो गया।
शेयर बाजार में क्यों दिख रही जोरदार तेजी
अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होने के बाद पश्चिम एशिया में एक बार फिर शांति स्थापित हो गई है। इसके साथ ही, लंबे समय से बंद पड़ा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज भी सामान्य कारोबार के लिए खुल गया है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के खुलने के बाद कच्चे तेल और गैस की सप्लाई में आ रही बाधाएं खत्म हो गई हैं, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। कच्चा तेल सस्ता होने से महंगाई बढ़ने की संभावनाएं भी कम हो गई हैं, जिससे बाजार में तेजी देखने को मिल रही है।
बीते सत्रों में कैसा रहा बाजार का प्रदर्शन
पिछले हफ्ते शुक्रवार को सेंसेक्स 1,695.40 अंक यानी 2.30 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,527.95 अंकों पर बंद हुआ था। उसी दिन, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 461.30 अंक यानी 1.99 प्रतिशत बढ़कर 23,622.90 पर बंद हुआ था। इस हफ्ते सोमवार को सेंसेक्स 736.38 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की तेजी के साथ 76,264.33 अंकों पर और निफ्टी 231.00 अंकों (0.98 प्रतिशत) की तेजी के साथ 23,853.90 अंकों पर बंद हुआ था। मंगलवार को सेंसेक्स 544.15 अंकों (0.71%) की बढ़त लेकर 76,808.48 अंकों पर और निफ्टी 135.25 अंक (0.57 प्रतिशत) चढ़कर 23,989.15 अंकों पर बंद हुआ था।
ये भी पढ़ें-







































