
शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सत्तुर मठ मैसूर के प्रमुख संत शिवरात्रि महास्वामी जी का सम्मान किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राजनीति तोड़ती है, लेकिन धर्म सबको जोड़ता है। शिवरात्रि महास्वामी को आभार जताते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि संत ने कांग्रेस, भाजपा, जेडीएस जैसे दलों को इकट्ठा कर दिया। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि महास्वामी जी (प्रमुख संत सत्तुर मठ मैसूर) ने पीड़ित मानवता की सेवा के लिए सभी राजनैतिक कार्यकर्ताओं को एक कर दिया।
शिवराज ने इस कार्यक्रम में शामिल होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे यहां सभी का सम्मान करने का अवसर मिला।” शिवराज ने राष्ट्रहित के विषय में सभी से एक होने की भी अपील की।
दुनिया को शांति की राह दिखाएगा भारत
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “मैं एक निवेदन करना चाहता हूं, विचारधारा के राजनीतिक मतभेद होते हैं, लेकिन राष्ट्रहित के विषय पर पूरा देश एक साथ खड़ा हो। दुनिया को अगर बचाना है, कुछ देश, अधिनायक जैसे नेता व्यवहार कर रहे हैं, वो सारे विश्व के लिए संकट बनकर खड़ा हो गया है। ऐसे में, मैं खड़े होकर ये कहने का साहस कर पा रहा हूं कि भौतिकता की अग्नि में दग्ध विश्व मानवता को शाश्वत शांति के पद का दिग्दर्शन अगर कोई कराएगा तो हमारा भारत कराएगा, हमारा देश कराएगा। इसके अलावा कोई मार्ग नहीं है इसलिए जरूरी है कि, हमारा देश मजबूत बनें। हमारा देश दुनिया को दिशा देने की कोशिश करें।”
अपने देश में बनी चीजों का ही उपयोग करें
शिवराज ने आगे कहा कि आज जो चुनौतियां भारत के सामने खड़ी हैं। वह उनके विस्तार में नहीं जाना चाहते, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने एक अपील की है, आज जो ताजे संकट है, टैरिफ लादा जा रहा है, ऐसे वातावरण में पूरे देश में देशभक्ति की भावना प्रज्वलित होनी चाहिए। एक संकल्प हर एक भारतवासी को करना चाहिए कि, हम अपने दैनिक जीवन में उन्हीं वस्तुओं का उपयोग करेंगे, जो हमारे देश में बनी हों। ये जरूरी है हमारे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मुझे पूरा विश्वास है कि, देशवासी इस दिशा में एक नया इतिहास रचेंगे।





































