
भारत ने पाकिस्तान को किया आगाह
भारत ने पाकिस्तान को चेताावनी दी है और कह है कि सतलुज नदी में भारी बारिश के बीच बाढ़ आ सकती है। भारत ने बाढ़ की आशंका को लेकर पाकिस्तान को इस बारे में आगाह किया है। सूत्रों के मुताबिक भारत ने पाकिस्तान को सतलुज नदी में बाढ़ की “उच्च संभावना” के बारे में आगाह किया है और इसके पीछे की वजह बताई है कि उत्तरी राज्यों में लगातार बारिश के कारण प्रमुख बांधों से अतिरिक्त पानी छोड़ना पड़ रहा है।
सतलुज नदी में पहले ही बाढ़ ने मचाई है तबाही
सतलुज नदी में पहले ही आई भीषण बाढ़ ने पाकिस्तान के बहावलनगर जिले में कहर बरपाया है, जिससे सैकड़ों गांव जलमग्न हो गए हैं और हजारों निवासी विस्थापित हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, सतलुज नदी के खतरनाक स्तर तक उफान पर होने के कारण चिश्तियां शहर भी भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। नदी की तेज़ धाराओं ने तेज़ी से कटाव शुरू कर दिया है, जबकि मोतियांवाला पट्टन और मोज़ा अज़ीम में सुरक्षात्मक तटबंध टूट गए हैं। तटबंधों के टूटने से 100 से ज़्यादा गांव जलमग्न हो गए हैं और सैकड़ों घर तबाह हो गए हैं।
पाकिस्तान में हर साल आती है भीषण बाढ़
बाढ़ की वजह से लगभग 10,000 एकड़ खड़ी फसलें बह गई हैं, जबकि बस्तियों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कें पानी में बह गई हैं, जिससे कई इलाकों तक पहुंच बंद हो गई है। इससे हज़ारों निवासी विस्थापित हो गए हैं और तत्काल राहत की गुहार लगा रहे हैं। डीएसपी के नेतृत्व में बचाव अभियान जारी है और अधिकारियों ने बताया है कि 80 प्रतिशत से ज़्यादा प्रभावित आबादी और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। बता दें कि पाकिस्तान के कई इलाकों में बारिश और बाढ़ ने बड़ी तबाही मचाई है। हर साल पाकिस्तान में बाढ़ से काफी नुकसान होता है, फसलें डूब जाती हैं और लोगों के घर भी बह जाते हैं।
(इनपुट-पीटीआई)






































