
भारत की बदलती जनसंख्या तस्वीर।
भारत धीरे-धीरे बूढ़ापे की ओर बढ़ रहा है। सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (SRS) की 2023 की एक रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। SRS की रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि भारत में प्रजनन दर कम होती जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में कामकाजी आयु वर्ग (15-59 वर्ष) की जनसंख्या का अनुपात बढ़ रहा है। हालांकि, 0-14 आयु वर्ग की आबादी में लगातार गिरावट देखी जा रही है।
सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 1971 से 1981 के बीच 0-14 आयु वर्ग की हिस्सेदारी 41.2 प्रतिशत से घटकर 38.1 प्रतिशत रह गई थी, जबकि 1991 से 2023 के बीच यह आंकड़ा 36.3 प्रतिशत से गिरकर 24.2 प्रतिशत हो गया। भारत के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा जारी किए गए SRS के आंकड़ों से खुलासा हुआ है कि इसी अवधि में देश की कुल प्रजनन दर 1971 के 5.2 से घटकर 2023 में 1.9 रह गई है।
SRS की ओर से इस रिपोर्ट को तैयार करने में लगभग 88 लाख की सैंपल जनसंख्या को शामिल किया गया है। यह दुनिया के सबसे बड़े डेमोग्राफिक सर्वे में से एक है। रिपोर्ट में ये भी पता लगा है कि भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 0-14 आयु वर्ग में लड़कों की संख्या लड़कियों से ज्यादा है। इसमें दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्र अपवाद हैं जहां लड़कियों का अनुपात अधिक है।







































