2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

फेमस बॉलीवुड सिंगर जुबिन गर्ग की सिंगापुर में एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई। ‘गैंगस्टर’ फिल्म के या अली गाने के लिए फेमस जुबिन की मौत शुक्रवार को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान दुर्घटना में हुई है। वो वह 52 साल के थे। वो सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में शामिल होने गए थे।
सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के एक प्रतिनिधि ने एनडीटीवी को बताया कि स्कूबा डाइविंग करते समय गर्ग को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। वहीं, कई रिपोर्ट में कहा गया है कि गायक की स्कूबा डाइविंग दुर्घटना में समुद्र से बचा लिया गया था, लेकिन हॉस्पिटल में उनकी मृत्यु हो गई।

जुबिन ने असमिया, बंगाली और हिंदी भाषा की फिल्मों में गाने गाए थे।
नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के प्रतिनिधि अनुज कुमार बोरूआ ने एनडीटीवी को बताया- ‘हमें बहुत दुख के साथ ज़ुबिन गर्ग के निधन की खबर बतानी पड़ रही है। स्कूबा डाइविंग के दौरान उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई और उन्हें तुरंत सीपीआर दिया गया, जिसके बाद उन्हें सिंगापुर जनरल अस्पताल ले जाया गया। उन्हें बचाने की कोशिशों के बावजूद, उन्हें आईसीयू में दोपहर 2.30 बजे मृत घोषित कर दिया गया।’
वहीं, असम के कैबिनेट मंत्री अशोक सिंघल ने भी सोशल मीडिया पर सिंगर के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा- ‘हमारे प्रिय ज़ुबिन गर्ग के असामयिक निधन से गहरा दुःख हुआ। असम ने न केवल एक आवाज, बल्कि एक धड़कन भी खो दी है। ज़ुबिन दा एक गायक से कहीं बढ़कर थे, वे असम और राष्ट्र के गौरव थे, जिनके गीतों ने हमारी संस्कृति, हमारी भावनाओं और हमारी आत्मा को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाया। उनके म्यूजिक में पीढ़ियों ने आनंद, सांत्वना और पहचान पाई। उनके निधन से एक ऐसा शून्य पैदा हुआ है जो कभी नहीं भरेगा। असम ने अपना सबसे प्रिय सपूत खो दिया है, और भारत ने अपने सबसे बेहतरीन सांस्कृतिक प्रतीकों में से एक खो दिया है। उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनकी विरासत सदैव प्रेरणा देती रहे। ॐ शांति’








































