
DA Hike: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए खुशियों भरी खबर दी है। नीतीश सरकार ने दिवाली और छठ के अवसर पर एक बड़ा तोहफा देते हुए महंगाई भत्ते (Dearness Allowance) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। अब राज्यकर्मियों और पेंशनभोगियों को पहले मिलने वाले 55% DA की जगह 58% डीए मिलेगा। इस बढ़ोतरी को बिहार कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दे दी गई है, जिससे कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की सैलरी में सीधे तौर पर बढ़ोतरी होगी।
डीए बढ़ोतरी यह फैसला न केवल कर्मचारियों की आमदनी में इजाफा करेगा, बल्कि दिवाली और छठ जैसे त्योहारों पर उनके खर्चों में भी राहत देगा। बताया जा रहा है कि यह चुनावी साल में कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बीच सरकार की लोकप्रियता बढ़ाने की दिशा में भी एक कदम है। अब हर कर्मचारी और पेंशनभोगी को अपने बैंक अकाउंट में बढ़ा हुआ DA नजर आएगा।
कितनी बढ़ेगी सैलरी
कर्मचारियों को दिया जाने वाला महंगाई भत्ता उनकी बेसिक सैलरी के अनुसार तय होता है। उदाहरण के लिए, अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 60,000 रुपये है, तो पहले 55% DA के हिसाब से उसे 33,000 रुपये महंगाई भत्ता मिल रहा था। लेकिन, अब नई बढ़ोतरी के बाद 58% DA के अनुसार उसका महंगाई भत्ता 34,800 रुपये हो जाएगा। इसका मतलब है कि हर महीने कर्मचारी की सैलरी में 1800 रुपये का इजाफा होगा।
| बेसिक सैलरी (अनुमानित) | DA 55% | DA 58% (बढ़ोतरी के बाद) | सैलरी में बढ़ोतरी |
| 60,000 रुपये | 33,000 रुपये | 34,800 रुपये | 1800 रुपये |
केंद्रीय कर्मचारियों को भी तोहफा
आपको बता दें कि बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भी केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) को 3% बढ़ाकर 58% करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। यह बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जुलाई से प्रभावी होगा। दिवाली से पहले सरकार की तरफ से लिया गया ये एक महत्वपूर्ण कदम है। अमूमन देखा जाता है कि सरकार फेस्टिवल सीजन के आस-पास महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान करती है।
ओडिशा सरकार ने भी बढ़ाया डीए
हाल ही में ओडिशा सरकार ने डीए (महंगाई भत्ता) में बढ़ोतरी की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दीपावली से ठीक पहले राज्य के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी। इस वृद्धि के बाद अब PSU कर्मचारियों का कुल महंगाई भत्ता 53% से बढ़कर 55% हो जाएगा, जो 1 जनवरी 2025 से लागू होगा।





































