वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल गुरुवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले प्रेस से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की योजना का हिस्सा बने रहेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि, इन दोनों खिलाड़ियों के कौशल और अपार अनुव को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि वह इस महीने के अंत में ऑस्ट्रेलिया दौरे से इस फॉर्मेट की कमान संभालने पर अपने पूर्ववर्ती रोहित शर्मा की तरह ड्रेसिंग रूम में शांत माहौल बनाए रखने और खिलाड़ियों के साथ दोस्ताना व्यवहार करने की कोशिश करेंगे।






































