32 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एक्ट्रेस नायरा बनर्जी ने द फ्री प्रेस जर्नल के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में फ़िल्म इंडस्ट्री को लेकर कई बातें बताई हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि कैसे शुरुआत में उन्हें महिला होने के नाते अलग-अलग तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
इंटरव्यू में नायरा कहती हैं- ‘मेरा पहला फोटोशूट था और मैं छोटी बच्ची की तरह क्यूट पोज देती थी। लेकिन फोटोग्राफर मुझसे कहते कि तुमने क्या रिया सेन को देखा है? उसकी आंखों को देखो, उसके पोज देने के तरीके को देखो। मैं उस समय मात्र 16 साल की थी। और वो मुझे कहते कि रिया की तरह पोज करो। थोड़ा सेक्सी पोज दो।’
नायरा बताती है कि उस दौरान उनकी मां वहां मौजूद थीं और उनका रिएक्शन था कि फोटोग्राफर कह क्या रहे हैं? फोटोग्राफर मेरी मां से कहते कि मैडम वो फिल्म इंडस्ट्री में आ रही है इसलिए उसे ये सब करना होगा। अगर वह ऐसे पोज देगी और हॉट दिखेगी तो उसे जल्दी ही फिल्में मिल जाएंगी।

नायरा खतरों के खिलाड़ी और बिग बॉस जैसे रियलिटी शो भी कर चुकी हैं।
इसी इंटरव्यू में जब उनसे इंडस्ट्री में मिलने वाले कंप्रोमाइज ऑफर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया- ‘मुझे भी इस तरह के कॉल आते थे। मुझे कमिटमेंट नाम की एक अजीब चीज के लिए कॉल आते थे। जो डायरेक्टर के साथ एक तरह का समझौता होता था।
मैं सोचती थी कि कमिटमेंट क्या होता है? मेरी मां के सामने तो कोई मुझे ये नहीं बताता था, लेकिन जब क्रू मेंबर मुझे स्क्रिप्ट देने आते थे, तो वो कुछ इस तरह का इशारा करते थे। एक बार मुझे अचानक से कॉल आया और मैं गुस्सा गई और बोली कि अपनी मां को भेजो, अपनी बहन को भेजो या फिर खुद जाओ।’
नायरा के करियर की बात करें तो उन्होंने कम उम्र में ही इंडस्ट्री में एंट्री ले ली थी। अब तक वो हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ इंडस्ट्री में काम कर चुकी हैं। इसके अलावा वो टीवी का भी जाना माना नाम हैं।
वो दिव्य दृष्टि, पिशाचिनी जैसे शो के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में वो नीरज पांडे की वेब सीरीज खाकी द बंगाल चैप्टर में नजर आई थीं।







































