5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

इन दिनों कई फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग डीपफेक का शिकार हो रहे हैं। इनमें अब दृश्यम एक्ट्रेस श्रेया सरन का नाम भी जुड़ चुका है। एक्ट्रेस ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में बताया है कि लंबे समय से उनकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है, जिसकी जानकारी उन्हें अक्सर लोगों से मिलती है। एक्ट्रेस ने ये भी बताया है कि कोई शख्स उनकी पहचान लेकर उनसे जुड़े लोगों से संपर्क करता है।
श्रेया सरन ने हाल ही में हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कहा है, ‘मेरे जानने वाले हर व्यक्ति, या जो मेरी इंस्टाग्राम फीड पर हैं, या जिनसे मैंने बात की है, या जिन्हें मैंने टैग किया है, या जिन्हें मैं फॉलो कर रही हूं, सबने मुझे लिखना शुरू कर दिया कि यह तुम जैसी नहीं लग रही है। कोई तुम बनकर लोगों से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है।’
श्रेया ने आगे बताया है कि वो लगभग दो दशकों से एक ही फोन नंबर इस्तेमाल कर रही हैं, इसलिए यह घटना उनके लिए और भी चौंकाने वाली थी। शुरुआत में उन्होंने इस पर बात नहीं की क्योंकि वो बेवजह की चीजों में ध्यान नहीं लगाना चाहती थीं, हालांकि एक शख्स ने उनके नाम से लोगों को इतना परेशान किया, उन्हें इस बारे में बात करनी पड़ी।
एक्ट्रेस ने इस पर कहा, ‘वो आदमी लोगों से लगातार मैं बनकर बात करता है, बुरे मैसेज करता है, इसलिए इस पर बात करना जरूरी हो गया है। मामला हाथ से बाहर जा रहा था।’
आगे एक्ट्रेस ने कहा, ‘यह पहली बार नहीं है जब किसी ने मेरी फोटो का इस्तेमाल कर ऐसा किया है, लेकिन यह पहली बार है जब मैंने इसके खिलाफ ठीक तरीके से कदम उठाया है। यह सिर्फ मेरे नंबर या व्हाट्सऐप प्रोफाइल पिक्चर की बात नहीं है, बात इससे आगे की है। मेरी बहुत सारी मॉर्फ की हुई तस्वीरें हैं जो इतनी असली लगती हैं कि कोई भी धोखा खा जाए। आप वास्तव में क्या कर सकते हैं? लोग पागल होते हैं। आपको सावधान रहना पड़ता है, लेकिन एक हद के बाद, अगर कोई चीज दूसरों को प्रभावित कर रही है, तो आपको उसे उठाना ही पड़ता है।’
श्रेया ने आगे कहा, ‘लगभग हर दिन मुझे अपनी एक ऐसी तस्वीर दिख जाती है जो असल में मेरी होती ही नहीं, किसी और का शरीर और मेरा चेहरा, मेरी इंस्टाग्राम फीड पर। मेरा परिवार भी यह सब झेलता है, कभी-कभी वे भी इन AI तस्वीरों से धोखा खा जाते हैं। नकली और असली में फर्क करना मुश्किल होता जा रहा है। कभी-कभी वे इतना अच्छा काम करते हैं कि पहचानना सच में कठिन हो जाता है। मैं खुद सोचती हूं, ‘क्या यह मैं हूं?’ यह बिल्कुल वैसा लगता है जैसा मैं दिखती हूं। असली समस्या तभी आती है, क्योंकि यह मेरे परिवार और जानने-पहचानने वालों को भी आसानी से धोखा दे सकता है।’
श्रेया सरन के नाम पर हैं फेक वेरिफाइड सोशल मीडिया प्रोफाइल
एक्ट्रेस ने ये भी कहा है कि उनके नाम पर बनीं कुछ सोशल मीडिया प्रोफाइल ऐसी भी हैं, जिन पर ब्लू टिक लगा हुआ है। श्रेया ने कहा, ‘मेरी एक प्रोफाइल है जिस पर मेरा नाम और कुछ और लिखा होता है, और वह बिल्कुल वेरिफाइड जैसी लगती है। वे बस एक नीला टिक लगा देते हैं। वेरिफिकेशन भी अब ऐसी चीज हो गई है जिसे लोग बस खरीद सकते हैं। आपको पता ही नहीं चलता, आप कभी जान ही नहीं पाएंगे।’
बता दें कि डीपफेक के खिलाफ अब कई सेलेब्स सख्त कदम उठा रहे हैं। सेलेब्स लगातार अपने पर्सनैलिटी राइट्स सुरक्षित करवा रहे हैं, जिससे इन तस्वीरों को बनाने और सर्कुलेट करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा सकें।







































