
दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन (Amazon) में एक बार फिर छंटनी की आहट तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी अपने ह्यूमन रिसोर्स (HR) डिपार्टमेंट से करीब 15% कर्मचारियों की नौकरी खत्म करने की तैयारी कर रही है। यह फैसला अमेजन की AI बेस्ड नई स्ट्रेटेजी और क्लाउड ऑपरेशंस के पुनर्गठन के तहत लिया जा रहा है। अमेरिकी बिजनेस मैगजीन Fortune की रिपोर्ट के अनुसार, यह छंटनी कंपनी के पीपल एक्सपीरिएंस एंड टेक्नोलॉजी (PXT) टीम पर असर डालेगी, जो अमेजन का मुख्य HR डिपार्टमेंट है। इस टीम में दुनियाभर में 10000 से ज्यादा कर्मचारी हैं, जिनमें रिक्रूटमेंट, टेक्नोलॉजी और पारंपरिक एचआर से जुड़े पद शामिल हैं। हालांकि रिपोर्ट में यह साफ नहीं किया गया है कि कितने कर्मचारियों पर असर पड़ेगा और छंटनी कब से शुरू होगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के कुछ अन्य कोर बिजनेस सेक्टर जैसे कि कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और क्लाउड सर्विसेज यूनिट्स पर भी इस फैसले का असर पड़ सकता है। इससे पहले भी अमेजन ने इस साल अपने कंज्यूमर डिवाइसेज यूनिट, वंडरी पॉडकास्ट डिवीजन और Amazon Web Services (AWS) से कुछ कर्मचारियों को निकाल दिया था।
AI और ऑटोमेशन की ओर कंपनी का बड़ा कदम
अमेजन के सीईओ एंडी जैसी (Andy Jassy) पहले ही साफ कर चुके हैं कि कंपनी का भविष्य अब AI और ऑटोमेशन पर निर्भर है। उनका कहना है कि जो कर्मचारी इस बदलाव को अपनाएंगे और AI के साथ काम करने की क्षमता दिखाएंगे, वे कंपनी में आगे बढ़ेंगे, जबकि बाकी लोगों के लिए जगह सीमित हो जाएगी। जैसी ने एक ऑफिशियल मेल में लिखा, “जो लोग इस बदलाव को स्वीकार करेंगे, AI को समझेंगे और हमारी तकनीक को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे, वे कंपनी में बड़ा योगदान देंगे। लेकिन हर किसी के लिए जगह नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि AI के बढ़ते इस्तेमाल से कंपनी को दक्षता बढ़ाने में मदद मिलेगी, जिसके चलते कुल कॉर्पोरेट वर्कफोर्स में कमी आएगी।
AI इंफ्रास्ट्रक्चर में भारी निवेश
रिपोर्ट के अनुसार, अमेजन ने 2025 के लिए 100 अरब डॉलर से अधिक का निवेश AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर में करने की योजना बनाई है। इसका मतलब है कि कंपनी अब पारंपरिक तरीकों की बजाय AI की मदद से भर्ती, डेटा संभालने और काम को ऑटोमेट करने पर ज्यादा ध्यान देगी।





































