कुल 4 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में आज एक साथ वोटों की गिनती हो रही है। पिछले महीने यानी अप्रैल में सभी जगहों पर वोटिंग हुई थी और आज यह साफ हो जाएगा कि किस राज्य/केंद्रशासित प्रदेश में जनता किस पार्टी या फिर गठबंधन की किस्मत में जीत लिखी है और किसे हार का सामना करने पड़ेगा। इसी बीच कई नेताओं के अलग-अलग बयान भी सामने आ रहे हैं। आइए आपको बताते हैं कि वोटों की गिनती के बीच किस नेता ने क्या कहा, किसे अपनी जीत पर कितना भरोसा है।
भगवान हमारे साथ हैं- सुवेंदु अधिकारी
मीडिया से बात करते हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और नंदीग्राम एवं भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा, ‘लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा की है। भगवान हमारे साथ हैं। सनातन का हित रखने वाली सरकार बंगाल में आ रही है। यूपी और बिहार में भी ऐसा जंगलराज था जो भाजपा की सरकार आने के बाद खत्म हो गया। परिवर्तन हो रहा है। भाजपा सरकार बंगाल में आ रही है।’
महाजंलराज समाप्त होकर रहेगा- समिक भट्टाचार्य
बंगाल में जारी वोटों की गिनती के बीच भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, ‘भाजपा के कार्यकर्ताओं का सपना साकार हो रहा है… आज हमारी सरकार बनकर रहेगी… स्वतंत्रता के बाद ऐसा चुनाव किसी बंगाली ने नहीं देखा है। शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हो गए हैं… महाजंलराज समाप्त होकर रहेगा।’
वोटों की गिनती के बीच DMK नेता ने कही ये बात
तमिलनाडु में जारी वोटों की गिनती के बीच में DMK नेता TKS एलंगोवन ने कहा, ‘हम जीतेंगे। हमें पूर्ण बहुमत मिलेगा, और हमारा गठबंधन लगभग 160 से 170 सीटें जीतेगा।’ उनसे यह पूछने पर कि एग्जिट पोल के मुताबिक TVK को 20% वोट मिल सकते हैं तो उन्होंने कहा, ‘सिर्फ एक एग्जिट पोल ने ऐसा कहा है और बाकी एग्जिट पोल ने दावा किया कि वो 100-120 सीटें मिलेंगी जो नहीं होने वाला है। 20% जीतने वाला नंबर नहीं है, हम 40% से ज्यादा जीतेंगे।’
हम अभी शिकायत करेंगे- भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह
नोआपारा सीट से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘अभी तक उम्मीदवार या चुनाव एजेंट काउंटिंग सेंटर नहीं पहुंचे हैं और वे अनाउंसमेंट कर रहे हैं कि वे स्ट्रॉन्ग रूम खोल रहे हैं। यह फ्रॉड करने की कोशिश है। हम अभी शिकायत करेंगे, हम ऑब्जर्वर के पास जा रहे हैं।’





































