
Gold Silver price today: घरेलू बाजार में आज की सुबह कीमती धातुओं के लिए इतिहास रचने वाली साबित हुई। गुरुवार को MCX पर चांदी ने ऐसा रफ्तार पकड़ी कि नए ऑल-टाइम हाई को छू दिया। सोना भी पीछे नहीं रहा और मजबूत बढ़त के साथ नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ गया। इसकी सबसे बड़ी वजह है अमेरिकी फेडरल रिजर्व का बुधवार देर रात लिया गया बड़ा फैसला। फेडरल रिजर्व ने लगातार तीसरी बार ब्याज दरों में कटौती की है। इस फैसले के बाद ग्लोबल मार्केट में सोने-चांदी की डिमांड अचानक तेज हुई और इसका सीधा असर भारत के घरेलू बाजार पर भी दिखा।
MCX पर सोना-चांदी में जबरदस्त उछाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर फरवरी कॉन्ट्रैक्ट वाला सोना 0.40% की तेजी के साथ 1,30,320 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, मार्च कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी ने 1.81% की छलांग लगाते हुए 1,92,148 रुपये प्रति किलो के लेवल को छुआ। सबसे बड़ी खबर यह रही कि दिन के कारोबार में चांदी ने 1,93,452 रुपये प्रति किलोग्राम का नया ऑल-टाइम हाई बना दिया। यह तेजी निवेशकों के लिए बड़े मुनाफे का संकेत है।
ग्लोबल मार्केट में भी तेज चमक
ग्लोबल मार्केट में भी सोना-चांदी की रफ्तार तेज रही। अमेरिकी सोने का फरवरी कॉन्ट्रैक्ट 1% से अधिक उछलकर 4,271.30 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी भी लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। इस साल अमेरिकी फेड ने कुल 75 बेसिस प्वाइंट की कटौती कर अपनी बेंचमार्क दर को 3.50-3.75% के दायरे में ला दिया है, जो 2022 के बाद का सबसे निचला स्तर है। ब्याज दरें घटते ही निवेशकों का रुझान एक बार फिर सेफ-हेवन यानी सोने और चांदी की ओर बढ़ गया है।
देश के प्रमुख शहरों में सोने का आज का भाव
गुडरिटर्न्स के अनुसार आज प्रमुख शहरों में 24 कैरेट गोल्ड के दाम इस प्रकार हैं-
| शहर | सोने का दाम (रुपये प्रति 10 ग्राम) |
| दिल्ली | 1,30,350 |
| मुंबई | 1,30,200 |
| चेन्नई | 1,31,460 |
| कोलकाता | 1,30,200 |
| अहमदाबाद | 1,30,250 |
| वडोदरा | 1,30,250 |
| बेंगलुरु | 1,30,200 |
| हैदराबाद | 1,30,200 |
| केरल | 1,30,200 |
| पुणे | 1,30,200 |
निवेशकों में उत्साह, आगे क्या?
फेड की दर कटौती के बाद सोना-चांदी में तेजी और तेज हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर महंगाई और वैश्विक अनिश्चितता बनी रही, तो कीमती धातुओं का रुझान आने वाले दिनों में और ऊपर जा सकता है।






































