भारतीय रेलवे लंबी दूरी की यात्रा को पूरी तरह बदलने की तैयारी में है। देशभर में वंदे भारत एक्सप्रेस की सफलता के बाद अब रेलवे का फोकस वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों पर है। आधुनिक सुविधाओं, तेज रफ्तार और प्रीमियम यात्रा अनुभव से लैस ये ट्रेनें आने वाले समय में राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को कड़ी चुनौती दे सकती हैं। रेलवे अब 9 नए वंदे भारत स्लीपर रूट्स पर विचार कर रहा है, जिससे करोड़ों यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन खास तौर पर रातभर और लंबी दूरी की यात्राओं के लिए डिजाइन की गई है। इसमें यात्रियों को आधुनिक बर्थ, बेहतर लाइटिंग, आरामदायक सीटें, कम शोर वाला कोच और अत्याधुनिक सुरक्षा सुविधाएं मिलेंगी। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को हवाई यात्रा जैसी सुविधा और तेज यात्रा का एक्सपीरिएंस देना है।
इन 9 रूट्स पर दौड़ सकती है वंदे भारत स्लीपर
- नई दिल्ली – मुंबई
- नई दिल्ली – हावड़ा
- मुंबई – हावड़ा
- नई दिल्ली – पटना
- नई दिल्ली – श्रीनगर
- मुंबई – बेंगलुरु
- मुंबई – हैदराबाद
- चेन्नई – मुंबई
- चेन्नई – कोलकाता (हावड़ा)
180 किमी प्रति घंटे तक होगी रफ्तार
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की अधिकतम डिजाइन स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। इससे कई प्रमुख शहरों के बीच यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी। खासकर दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-हावड़ा और मुंबई-बेंगलुरु जैसे व्यस्त रूट्स पर यात्रियों को तेज और आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा।
16 कोच और 800 से ज्यादा यात्रियों की क्षमता
प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में 16 कोच होंगे। इसकी यात्री क्षमता लगभग 823 यात्रियों की बताई जा रही है। ट्रेन में एसी स्लीपर कोच, आधुनिक शौचालय, चार्जिंग पॉइंट, बेहतर लगेज स्पेस और अत्याधुनिक सुरक्षा सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
राजधानी एक्सप्रेस को मिलेगी चुनौती
वर्तमान में लंबी दूरी की प्रीमियम यात्रा के लिए राजधानी एक्सप्रेस सबसे लोकप्रिय ट्रेनों में गिनी जाती है। लेकिन वंदे भारत स्लीपर के आने से यात्रियों को ज्यादा आधुनिक और तेज ऑप्शन मिलेगा। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि नई पीढ़ी के यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह ट्रेन भारतीय रेल नेटवर्क में बड़ा बदलाव ला सकती है।
रेलवे का अगला बड़ा कदम
मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर रूट को पहले ही मंजूरी मिलने की खबर है। यदि बाकी प्रस्तावित रूट्स को भी हरी झंडी मिलती है, तो आने वाले वर्षों में देश का लंबी दूरी का रेल सफर पूरी तरह बदल सकता है।
यह भी पढ़ें- होटल के कमरे जैसा केबिन, प्रीमियम इंटीरियर डिजाइन! मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर के फर्स्ट AC का लुक आया सामने







































