
भारत ने जीता पाकिस्तान के खिलाफ मैच।
नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को दुबई में क्रिकेट मैच खेला गया। इस दौरान देशभर में कई लोगों ने मैच का विरोध किया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद देशभर के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ऐसे में पाकिस्तान के साथ खेले जाने वाले मैच का विरोध किया गया। इसके अलावा कई लोगों का यह भी मानना था कि अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत मैच खेलना जरूरी है, ऐसे में यह मैच खेला गया। ऐसे में तमाम लोगों ने भारत की जीत पर टीम को बधाई भी दी है। राजनीतिक दलों और नेताओं की ओर से भी मिले-जुले रिएक्शन सामने आए हैं। आइये जानते हैं कि इस मैच को लेकर किसने क्या कहा है?
यहां देखें राजनीतिक हस्तियों के रिएक्शन-
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, “अगर आप किसी से हाथ मिला रहे हैं और वही लोग आपके परिवार के सदस्यों पर हमला कर रहे हैं और उन्हें मार रहे हैं, तो ऐसी तस्वीरें निश्चित रूप से उनकी भावनाओं को आहत कर सकती हैं। खेल खेला जाना था और हमारे खिलाड़ियों ने इसका उतना ही सम्मान किया और उसी भावना के साथ उस खेल को खेला और जीतकर, हमारे खिलाड़ियों ने निश्चित रूप से उन पीड़ितों का सही मायनों में सम्मान किया।”
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “एशिया कप 2025 में पाकिस्तान पर शानदार जीत के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को बधाई। शाबाश, लड़को!”
संभल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि हम पहले तो भारत और पाकिस्तान के बीच हुए क्रिकेट मैच के खिलाफ थे और विरोध भी किया था। बर्क ने कहा आप अगर पाकिस्तान के खिलाफ हैं, तो फिर पाकिस्तान से मैच क्यों? जिसने किया है उसको सजा दीजिए। उस देश से ताल्लुक मत रखिए। मैं तो ये कहूंगा पाकिस्तान से भारत का मैच नहीं होना चाहिए था। उसके खिलाफ है तो खिलाफत करनी चाहिए। राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए इस मुद्दों को नहीं उछालना चाहिए।
यह भी पढ़ें-
IND vs PAK: टीम इंडिया ने नहीं मिलाया हाथ तो पाकिस्तान में मच गया बवाल, अब PCB ने उठाया ये बड़ा कदम
IND vs PAK: पाकिस्तानी खिलाड़ियों से क्यों नहीं मिलाया हाथ? जीत के बाद सूर्यकुमार का बड़ा खुलासा





































