Noida International Airport, Jewar: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों का 25 साल पुराना सपना आखिरकार आज सच होने जा रहा है। लंबे इंतजार, कई चुनौतियों और वर्षों की तैयारियों के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से पहली कमर्शियल उड़ान शुरू होने जा रही है। जैसे ही पहला यात्री विमान जेवर के रनवे से उड़ान भरेगा, यह एयरपोर्ट देश के विमानन इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ देगा। इसके साथ ही जेवर का नाम दुनिया के प्रमुख एविएशन हब की सूची में शामिल होने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाएगा।
नोएडा एयरपोर्ट से पहली उड़ान का शुभारंभ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू करेंगे। वह बेंगलुरु जाने वाली पहली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वहीं लखनऊ से आने वाली विशेष वीआईपी फ्लाइट में कई गणमान्य अतिथि और उद्योग जगत के प्रमुख लोग इस ऐतिहासिक अवसर के गवाह बनेंगे।
पहले दिन इन शहरों के लिए उड़ानें
एयरपोर्ट से पहले दिन लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए उड़ान सेवाएं शुरू होंगी। इसके बाद 16 जून से जम्मू, नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए अतिरिक्त उड़ानों का संचालन शुरू किया जाएगा। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार पहले दिन कुल आठ बार विमान टेकऑफ और लैंडिंग करेंगे।
जेवर से लखनऊ जाएंगे 172 किसान
नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले विमान में देश के 172 किसान सवार होंगे, जो लखनऊ के लिए रवाना होंगे। इसके बाद सभी किसान वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर धन्यवाद ज्ञापित करेंगे।
एक जुलाई से 16 शहरों से जुड़ेगा जेवर
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। एक जुलाई से यहां से 16 शहरों के लिए नियमित उड़ानें शुरू होने की योजना है। इनमें जयपुर, भोपाल, चंडीगढ़, बरेली, देहरादून, लखनऊ और नवी मुंबई जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं। शुरुआत में इंडिगो और अकासा एयर अपनी सेवाएं संचालित करेंगी।
लखनऊ के लिए रोजाना चार फ्लाइट
यात्रियों की सुविधा के लिए नोएडा और लखनऊ के बीच प्रतिदिन चार उड़ानों का संचालन किया जाएगा। ये फ्लाइटें हफ्तों के सातों दिन उपलब्ध रहेंगी। इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
आठ जिलों से शुरू होगी सीधी बस सेवा
एयरपोर्ट तक यात्रियों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश के आठ जिलों से सीधी बस सेवा भी शुरू की जा रही है। आगरा, मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, हाथरस और लखनऊ से बसें सीधे एयरपोर्ट तक पहुंचेंगी। इसके अलावा हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और चंडीगढ़ से भी बस सेवाएं उपलब्ध होंगी।
यूपी का पांचवां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश का पांचवां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन गया है। इससे पहले लखनऊ, वाराणसी, कुशीनगर और अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हो रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट न केवल पश्चिमी यूपी बल्कि पूरे उत्तर भारत की आर्थिक और औद्योगिक तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगा।







































