
भारत की सबसे चर्चित एडटेक लिस्टिंग में से एक PhysicsWallah का जादू लिस्टिंग के कुछ ही दिनों में टूटता नजर आ रहा है। जिस शेयर ने पहले दिन ही शानदार रैली दिखाते हुए निवेशकों की बांछें खिला दी थीं, वही अब तीन ट्रेडिंग सेशन में 8600 करोड़ रुपये से ज्यादा की वैल्यू मिटाकर सभी को हैरान कर रहा है। आखिर इतने बड़े क्रैश की वजह क्या है?”
पहले दिन चमका, अगले ही दिनों में बिखर गया
PhysicsWallah के शेयर 18 नवंबर को NSE पर 33% प्रीमियम के साथ 145 रुपये पर लिस्ट हुए थे, जबकि BSE पर यह 143.10 रुपये पर खुले। पहले दिन का उत्साह इतना जबरदस्त था कि स्टॉक चढ़कर 156.49 रुपये के हाई तक पहुंच गया, जो IPO प्राइस 109 रुपये से करीब 44% ऊपर था। लेकिन जैसे ही लिस्टिंग हाइप ठंडी हुई, शेयर ने दूसरी ही सुबह गिरना शुरू कर दिया। दूसरे दिन स्टॉक 11% तक फिसला, और तीसरे दिन गिरावट और तेज हो गई और 9% की भारी गिरावट के साथ शेयर 130.65 तक लुढ़क गया।
मार्केट कैप में 8600 करोड़ का सफाया
जहां डेब्यू डे पर PhysicsWallah की मार्केट वैल्यू करीब 46,300 करोड़ थी, वही अब यह 37,700 करोड़ से भी नीचे आ गई है। यानी सिर्फ तीन ट्रेडिंग सेशन में लगभग 8,609 करोड़ बाजार से उड़ गए। विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रॉफिट बुकिंग, हाई वैल्यूएशन को लेकर चिंता, और नए-उम्र की कंपनियों पर बाजार की सतर्कता, ये तीन बड़े कारण गिरावट को ट्रिगर कर रहे हैं।
क्या अब भी खरीदें PW का शेयर?
स्वस्तिक इन्वेस्टमार्ट की हेड ऑफ वेल्थ शिवानी न्याती कहती हैं कि PW की ब्रांड वैल्यू, टेस्ट-प्रेप में पकड़ और तेजी से बढ़ता हाइब्रिड मॉडल प्रोस्पेक्टस को मजबूत बनाते हैं। साथ ही PW का बड़ा ऑफलाइन नेटवर्क, डिजिटल इंजन और JEE–NEET से लेकर UPSC तक का कोर्स पोर्टफोलियो कंपनी को मजबूत बनाता है। लेकिन वह चेतावनी भी देती हैं कि एडटेक और कोचिंग सेक्टर में कड़ी प्रतिस्पर्धा, रेग्युलेटरी रिस्क और लाभप्रदता की चुनौती, इन सब कारणों से यह स्टॉक रिस्क के बिना नहीं है।
PW की ग्रोथ स्टोरी अब भी बाकी?
कंपनी ने FY25 में 3039 करोड़ रुपये का राजस्व, और 243 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया, जो पिछले घाटे से बड़ा रिवर्सल था। हालांकि Q1 FY26 में कंपनी फिर 127 करोड़ के घाटे में रही है।








































