जानी-मानी फिनटेक कंपनी रेजरपे ने अपना आईपीओ लाने के लिए बाजार नियामक सेबी के पास गोपनीय रूप से दस्तावेजों का मसौदा दाखिल किया है। रेजरपे के आईपीओ का साइज 5,000 से 6,000 करोड़ रुपये के बीच होने की संभावना है। कंपनी ने सोमवार को जारी सार्वजनिक सूचना में कहा कि उसने “प्रस्तावित आईपीओ के संबंध में अपने इक्विटी शेयरों के लिए मसौदा दस्तावेज सेबी और शेयर बाजारों के पास जमा किया है।”
2014 में हर्षिल माथुर और शशांक कुमार ने की थी रेजरपे की स्थापना
हालांकि, फिनटेक कंपनी रेजरपे ने इस सार्वजनिक सूचना में अपने इश्यू के साइज को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। लेकिन, जानकार सूत्रों का कहना है कि कंपनी का लक्ष्य अपने इस आईपीओ से 5000-6000 करोड़ रुपये जुटाना है। साल 2014 में हर्षिल माथुर और शशांक कुमार ने रेजरपे की स्थापना की थी। ये कंपनी इंटीग्रेटेड प्लेटफॉर्म के जरिए पेमेंट अप्रूवल, पेमेंट डिस्ट्रिब्यूशन, बैंकिंग, पेरोल, लोन और अन्य फाइनेंशियल सर्विसेज प्रदान करती है।
2020 में मिला था यूनिकॉर्न का दर्जा
रेजरपे देशभर में स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (MSME) और बड़ी कंपनियों जैसे लाखों बिजनेस को अपनी सर्विसेज देती है। इसे साल 2020 में ‘यूनिकॉर्न’ (एक अरब डॉलर की कंपनी) का दर्जा मिला था। उसके बाद से ये पेमेंट सर्विसेज से आगे बढ़कर व्यापक वित्तीय सेवा पारिस्थितिकी विकसित कर चुकी है। रेजरपे के आईपीओ का फाइनल साइज, वैल्यूएशन और तारीख सेबी की मंजूरी, बाजार परिस्थितियों और अन्य कारकों पर निर्भर करेगा।
फोनपे ने टाली आईपीओ लाने की योजना
गोपनीय फाइलिंग व्यवस्था के तहत कंपनियां अपने मसौदा दस्तावेज सेबी के समक्ष समीक्षा के लिए जमा कर सकती हैं और उन्हें तत्काल सभी व्यावसायिक जानकारियों को सार्वजनिक भी नहीं करना होता है। ये कदम ऐसे समय आया है जब रेजरपे की प्रतिद्वंद्वी कंपनी फोनपे ने पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और बाजार की अस्थिरता को देखते हुए आईपीओ लाने की योजना फिलहाल टाल दी है।
हाल में बाजार में लिस्ट हुई ये कंपनी
बताते चलें कि घरेलू शेयर बाजारों में अभी हाल ही में प्रमुख आईपीओ लिस्ट हुए हैं। मेटल बिजनेस से जुड़ी फरीदाबाद की कंपनी सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीस 10 जून को बाजार में लिस्ट हुई थी। कंपनी के शेयर अपने इश्यू प्राइस की तुलना में 43.43 प्रतिशत के बंपर प्रीमियम के साथ 275.40 रुपये रुपये के भाव पर लिस्ट हुए थे।







































