Silver Rate Today: अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की घोषणा के बाद आज शेयर बाजार लेकर सर्राफा बाजार तक में शानदार तेजी देखने को मिली। सोमवार को सोने और चांदी, दोनों धातुओं के भाव में जोरदार उछाल दर्ज किया गया। आज चांदी की कीमतें 5,000 रुपये की तेजी के साथ 2,60,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले हफ्ते शुक्रवार को चांदी का भाव 10,000 रुपये की बंपर बढ़त के साथ 2,55,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। पिछले हफ्ते बुधवार और गुरुवार को चांदी की कीमतें 2,45,700 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
1.59 लाख रुपये के पार पहुंचा सोने का भाव
चांदी के अलावा, आज सोने की कीमतों में भी जोरदार तेजी दर्ज की गई। सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत की शुद्धता वाला सोना 2,500 रुपये रुपये की जबरदस्त तेजी के साथ 1,59,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। पिछले हफ्ते शुक्रवार को सोने की कीमत 3,000 रुपये बढ़कर 1,56,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। इसके अलावा, पिछले हफ्ते बुधवार को सोना 4300 रुपये की गिरावट के साथ 1,56,000 रुपये और गुरुवार को 2100 रुपये टूटकर 1,53,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। सोने और चांदी की कीमतों में आज लगातार दूसरे सत्र में बड़ी बढ़त देखने को मिली है।
10 मई से लेकर आज तक का सोने-चांदी का रेट
| धातु | 10 मई | 11 मई | 12 मई | 13 मई | 14 मई | 15 मई |
| सोना (999) (कीमत प्रति 10 ग्राम) | 1,56,000 रुपये | 1,53,900 रुपये | 1,56,900 रुपये | शनिवार की छुट्टी | रविवार की छुट्टी | 1,59,400 रुपये |
| चांदी (कीमत प्रति 1 किलोग्राम) | 2,45,700 रुपये | 2,45,700 रुपये | 2,55,700 रुपये | शनिवार की छुट्टी | रविवार की छुट्टी | 2,60,700 रुपये |
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने के फैसले से कीमतों को मिला सपोर्ट
एक्सपर्ट्स ने कहा कि कीमती धातुओं की कीमतों में ये तेजी ऐसे समय में आई है, जब अमेरिका और ईरान ने दुश्मनी खत्म करने और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए सबसे महत्वपूर्ण रास्तों में से एक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने के लिए एक अंतरिम समझौते की घोषणा की।
महंगाई को लेकर कम हुई चिंताएं
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, ”अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी के कारण सोमवार को सोने की कीमतों में तेजी आई और हाजिर सोना 4,325 डॉलर प्रति औंस के स्तर से ऊपर पहुंच गया।” उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते से कच्चे तेल की कीमतें कई हफ्तों के निचले स्तर पर आ गईं, महंगाई को लेकर चिंताएं कम हुईं और ज्यादा सख्त मौद्रिक नीति की संभावना कम हो गई। जबकि, कमजोर डॉलर और कम बॉन्ड प्रतिफल ने भी सर्राफा की कीमतों को समर्थन दिया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में तेज उछाल
आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 121.33 डॉलर यानी लगभग 3 प्रतिशत बढ़कर 4,340.65 डॉलर प्रति औंस हो गया। जबकि, चांदी 2.74 डॉलर यानी 4.04 प्रतिशत बढ़कर 70.74 डॉलर प्रति औंस हो गई। जानकारों का कहना है कि 19 जून को होने वाले एक औपचारिक समझौते से महंगाई को लेकर उम्मीदें और कम हो सकती हैं और इससे व्यापक बाजार में स्थिरता को भी मदद मिल सकती है। निवेशक अब अपना ध्यान अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतिगत बैठक पर लगाएंगे।
ये भी पढ़ें-







































