कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक बार फिर विदेश दौरे पर चले गए हैं। खबर है कि राहुल गांधी कल रात 11 बजकर 35 मिनट पर दिल्ली से वियतनाम के हनोई के लिए रवाना हुए। राहुल के विदेश दौरे की टाइमिंग पर सवाल उठ रहे हैं। राहुल गांधी लगातार वोट चोरी और SIR के मुद्दे पर चुनाव आयोग को घेर रहे थे। CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रोटेस्ट कर रहे थे लेकिन फिर अब अचानक राहुल गांधी छुट्टी मनाने वियतनाम चले गए। इससे पहले भी जब SIR के मुद्दे पर हंगामा मचा हुआ था तब भी राहुल गांधी विदेश दौरे पर चले गए थे। इसलिए अब बीजेपी कह रही है कि राहुल गांधी मेहनती पॉलिटिशियन नहीं हैं बल्कि वेकेशन पॉलिटिशयन हैं।
भाजपा ने साधा निशाना
भाजपा के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने X पर लिखा- राहुल गांधी फिर से वही काम कर रहे हैं जिसमें वे सबसे माहिर हैं: आराम करना और छुट्टियां मनाना। खबरों के मुताबिक, राहुल गांधी छुट्टियों के लिए विदेश गए हैं। राहुल गांधी भारत में नहीं हैं। नवरात्रि के दौरान, राहुल गांधी विदेश में क्या कर रहे हैं? ब्रेक का मजा ले रहे हैं? या अपने “अराजकता फैलाने वाले साथियों” से मिल रहे हैं? एक ऐसे इंसान जो काम करने से ज्यादा समय आराम करने में बिताते हैं और फिर चिल्लाते हैं- वोट चोरी हो गया।”
कांग्रेस क्या बोली?
बीजेपी के आरोपों का जवाब कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने दिया। राशिद अल्वी ने कहा कि अगर राहुल गांधी विदेश दौरे पर हैं तो इससे बीजेपी को खुश होना चाहिए क्योंकि बीजेपी की परेशानी ही कम हुई है। दूसरी ओर राहुल गांधी के बचाव में समाजवादी पार्टी उतर आई है। समाजवादी पार्टी के सांसद रामशंकर राजभर ने कहा कि ये तो बीजेपी के लिए राहत की बात है क्योंकि राहुल गांधी यहां होते तो प्रोटेस्ट करते।
22 साल में राहुल गांधी 54 बार विदेश गए
राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर 5 महीने पहले भी बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा था। बीजेपी ने दावा किया था कि 22 साल में राहुल गांधी 54 बार विदेश गए। दूसरी ओर यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। संजय निषाद ने नसीहत देते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए जनता के बीच रहना होता है ना कि बार-बार विदेश जाकर सैर सपाटा करना।
हर कोई विदेश जाता है- संदीप दीक्षित
राहुल गांधी के विदेश दौरे पर बीजेपी और निषाद पार्टी के आरोपों का जवाब कांग्रेस की ओर से संदीप दीक्षित ने दिया। कांग्रेस के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित ने कहा कि “हर कोई विदेश जाता है। ऐसे में बीजेपी में खलबली क्यों मची है? बीजेपी के पास तो पूरा सिस्टम है। चाहे तो मिनट भर में पता कर ले कि राहुल गांधी कहां गए है। फिर राहुल गांधी के विदेश दौरे पर इतनी हायतौबा क्यों मची है?”
ये भी पढ़ें- गोवा में गरजे राहुल गांधी, कहा- “पूरा देश जानता है कि CEC ज्ञानेश कुमार वोट चोरी को अंजाम देते हैं”






































