पिछले हफ्ते भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली, जिससे निवेशकों की संपत्ति में भारी इजाफा हुआ। टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 8 कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब ₹4.13 लाख करोड़ बढ़ गया। इस तेजी में सबसे ज्यादा फायदा एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक को हुआ, जो इस रैली के बड़े सितारे बनकर उभरे।
बीते हफ्ते सेसेंक्स 4,230 अंकों यानी 5.77% की तेजी के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी में भी 1,337 अंकों यानी 5.88% की बढ़त देखने को मिली। बाजार में यह तेजी वैश्विक संकेतों और निवेशकों के बढ़ते भरोसे की वजह से आई।
सीजफायर और सस्ते कच्चे तेल का असर
विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका-ईरान के बीच अस्थायी सीजफायर की खबर और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने बाजार को सहारा दिया। तेल की कीमत 100 डॉलर से नीचे आने से घरेलू बाजार में राहत मिली और निवेशकों ने जमकर खरीदारी की।
इन कंपनियों ने दिलाया बड़ा मुनाफा
इस तेजी में एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप ₹91,000 करोड़ से ज्यादा बढ़ गया, जबकि आईसीआईसीआई बैंक की वैल्यू ₹76,000 करोड़ से अधिक बढ़ी। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, भारती एयरटेल और भारतीय स्टेट बैंक जैसी कंपनियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
कुछ दिग्गजों को लगा झटका
जहां ज्यादातर कंपनियों को फायदा हुआ, वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंफोसिस के मार्केट कैप में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि गिरावट के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके बाद एचडीएफसी बैंक और भारती एयरटेल का स्थान आता है।







































