
तेलंगाना नगर निगम चुनाव रिजल्ट
Telangana Municipal Election Results 2026 LIVE Updates: तेलंगाना की 116 नगर पालिकाओं और 7 नगर निगमों के लिए वोटों की गिनती शुक्रवार सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग (TSEC) ने मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के साथ काउंटिंग शुरू की है, जहां कुल 2,996 वार्डों के परिणाम घोषित किए जा रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, बुधवार को वोटिंग हुई थी। कुल 73.01% मतदान हुआ था।
सभी 116 नगरपालिकाओं और सात नगर निगमों में दलीय आधार पर चुनाव कराए गए हैं। अधिकारियों ने मतदाता सूची के संशोधन के लिए 29,656 बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) को तैनात किया था।
कांग्रेस ने किया अपनी जीत का दावा
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने विकाराबाद जिले के कोडंगल में अपना वोट डाला था। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने करीमनगर में अपना वोट डाला था। राज्य कांग्रेस अध्यक्ष बी महेश कुमार गौड़ ने कांग्रेस की जीत का दावा किया है, जबकि भाजपा नेता और केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने सत्ताधारी दल पर लगे आरोपों के बावजूद पार्टी की जीत की गारंटी दी है। यह परिणाम कांग्रेस, भाजपा और बीआरएस के लिए एक परीक्षा की तरह है।
इन प्रमुख दलों के बीच है लड़ाई
मुख्य मुकाबला सत्ताधारी कांग्रेस, पूर्व सत्ताधारी भारत राष्ट्र समिति (BRS) और बीजेपी के बीच देखा जा रहा है। एग्जिट पोल में कांग्रेस को मजबूत स्थिति में दिखाया गया था, लेकिन बीआरएस और बीजेपी ने भी कई इलाकों में अच्छी चुनौती पेश की है। कुछ स्थानों पर AIMIM के उम्मीदवार भी मजबूत दिख रहे हैं।






































